देशभर के तीर्थ स्थलों को जोड़ने के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस की कनेक्टिविटी बढ़ाई जा रही है। लोकप्रिय हो रही वंदे भारत का एक पड़ाव जगन्नाथ पुरी भी है, जहां श्रद्धालु दर्शन करने जाने को आतुर रहते हैं।मगर वंदे भारत के जरिए जगन्नाथ पुरी की अपनी इस यात्रा को सुखद और शानदार कैसे बनाई जाई? वह कौन से स्टेशन हैं जहां जहां से जगन्नाथ पुरी की यात्रा करने के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस को पकड़ा जाए। जगन्नाथ पुरी जाने के दौरान वंदे भारत में सफर करने के लिए कितना किराया देना होगा, आइए इन सब सवालों के उत्तर जानने की कोशिश करते हैं।
बीते साल मई में हावड़ा-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत की गई थी। इस सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरी झंडी दिखाई गई थी। हावड़ा-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस पश्चिम बंगाल में दूसरी वंदे भारत ट्रेन थी, इससे पहले हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत शुरू की गई थी। वंदे भारत एक्सप्रेस देश की किसी भी अन्य ट्रेनों की तुलना में प्रमुख विशेषताओं से लैस है। यह ट्रेन सबसे पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से वाराणसी तक की यात्रा के लिए शुरू की गई थी। अब यह पूरे देश में कई अलग-अलग रूटों पर संचालित होगी।
हावड़ा-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस का टाइम टेबल
हावड़ा से ट्रेन सुबह 6.10 बजे रवाना होती है और दोपहर 12:35 बजे पुरी पहुंचती है। यानी करीब 6 घंटे और 15 मिनट में 500 किमी की यात्रा यह वंदे भारत एक्सप्रेस पूरी कर लेती है। अपनी यात्रा के दौरान यह वंदे भारत एक्सप्रेस हावड़ा से चलकर, खड़गपुर, बालासोर, भद्रक, जाजपुर क्योंझर रोड, कटक, भुवनेश्वर, खुर्दा रोड जंक्शन के रास्ते पुरी पहुंचती है। हावड़ा से पुरी तक यात्रा करने का किराया चेयर कार के लिए लगभग 1,245 रुपये है, जिसमें खानपान शुल्क शामिल होंगे। वहीं एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए, शुल्क 2400 रुपये है, जिसमें खानपान शुल्क को भी शामिल किया गया है। यात्रियों के पास ‘नो फूड ऑप्शन’ चुनने का विकल्प भी होगा, जिसमें कैटरिंग चार्ज किराए में नहीं जोड़ा जाएगा।
इन सुविधाओं से लैस है वंदे भारत
वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा करने वालों के लिए उनका सफर काफी आसान हो जाता है। यात्री यात्रा के दौरान आरामदायक सफर के साथ-साथ, ऑन बोर्ड इंफोटेनमेंट और ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (जीपीएस) आधारित यात्री सूचना प्रणाली, ऑटोमेटिक दरवाजे और जीरो डिस्चार्ज वैक्यूम बायो टॉयलेट आदि जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं को एक्सपीरियंस कर सकते हैं।