उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने और पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। शासन की ओर से जारी आदेश के तहत 18 अपर पुलिस अधीक्षकों और उपसेनानायकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस तबादला सूची में मुरादाबाद, आजमगढ़, सोनभद्र, शाहजहांपुर, मथुरा, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़ और मैनपुरी समेत कई जिलों के अधिकारी शामिल हैं।
जारी आदेश के मुताबिक, कुमार रणविजय सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक (नगर), मुरादाबाद से हटाकर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), आजमगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। अनूप कुमार को मऊ से सोनभद्र में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, देवेंद्र सिंह को 39वीं वाहिनी पीएसी, मिर्जापुर में उपसेनानायक के पद से हटाकर शाहजहांपुर में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) नियुक्त किया गया है। इंदुप्रभा सिंह को एसीओ मुख्यालय, लखनऊ से पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है।
इन पुलिस अधिकारियों को मिली नई तैनाती
तबादला आदेश के अनुसार, अतुल कुमार चौबे को मुजफ्फरनगर में अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) के पद से मथुरा में अपर पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) बनाया गया है। ममता कुरील को अलीगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) से मुजफ्फरनगर में अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नितिन कुमार सिंह को 49वीं वाहिनी पीएसी, गौतमबुद्धनगर में उपसेनानायक के पद से हटाकर पीटीएस मुरादाबाद में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, श्रेष्ठा को एटीएस लखनऊ में अपर पुलिस अधीक्षक के पद से 49वीं वाहिनी पीएसी, गौतमबुद्धनगर में उपसेनानायक नियुक्त किया गया है।
नवीना शुक्ला को एएनटीएफ, उत्तर प्रदेश लखनऊ में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) के पद से एसीओ मुख्यालय, उत्तर प्रदेश लखनऊ भेजा गया है। नवीन कुमार सिंह को पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ में अपर पुलिस उपायुक्त से पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक/स्टाफ ऑफिसर बनाया गया है। इसके अलावा विभा सिंह को पीटीएस मेरठ में अपर पुलिस अधीक्षक से छठी वाहिनी पीएसी, मेरठ में उपसेनानायक की जिम्मेदारी दी गई है।
राघवेंद्र कुमार मिश्रा समेत इन अधिकारियों के भी तबादले
तबादला सूची में राघवेंद्र कुमार मिश्रा का नाम भी शामिल है। उन्हें छठी वाहिनी पीएसी, मेरठ से पांचवीं वाहिनी एसएसएफ, सहारनपुर में उपसेनानायक बनाया गया है।
अरुण कुमार सिंह को यातायात निदेशालय, लखनऊ से आजमगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) के पद पर भेजा गया है। डॉ. हृदेश कठेरिया को बदायूं में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की जिम्मेदारी से हटाकर यातायात निदेशालय, लखनऊ में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, पंकज कुमार श्रीवास्तव को आजमगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) के पद से मऊ में अपर पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।