वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस का देशव्यापी आंदोलन, 26 नवंबर को निकलेगा संविधान रक्षा मार्च; लखनऊ में खरगे करेंगे नेतृत्व

कांग्रेस ने कथित वोट चोरी और मतदाता सूची में गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर देशभर में आंदोलन तेज करने की तैयारी कर ली है. संविधान दिवस यानी 26 नवंबर को पार्टी सभी राज्यों में संविधान रक्षा मार्च निकालेगी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे लखनऊ में आयोजित मार्च में शामिल होकर इसका नेतृत्व करेंगे. पार्टी ने इस अभियान के जरिए लोकतंत्र, संविधान और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा का मुद्दा उठाने का फैसला किया है.

कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने देशव्यापी कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस निर्णायक लड़ाई लड़ रही है. पार्टी के मुताबिक, सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियां अपने-अपने राज्यों में बड़े स्तर पर संविधान रक्षा मार्च आयोजित करेंगी.

बाबा साहेब और महात्मा गांधी की प्रतिमाओं से शुरू होगा मार्च

कांग्रेस के कार्यक्रम के अनुसार, संविधान रक्षा मार्च की शुरुआत बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमा से होगी. यहां श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पार्टी कार्यकर्ता और आम नागरिक संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करेंगे.

इसके साथ ही मार्च में शामिल लोग संविधान की रक्षा करने और उसमें शामिल न्याय, स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुत्व के मूल्यों को बनाए रखने की शपथ लेंगे. कांग्रेस ने छात्रों, युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, दलितों, आदिवासियों, ओबीसी, अल्पसंख्यकों और नागरिक समाज के लोगों से इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है.

राहुल गांधी के उठाए चुनावी गड़बड़ियों के मुद्दे को बनाएगी आंदोलन का आधार

कांग्रेस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर उठाए गए सवालों को अपने आंदोलन का प्रमुख मुद्दा बनाया है.

केसी वेणुगोपाल के मुताबिक, राहुल गांधी ने कर्नाटक के महादेवपुरा में फर्जी और डुप्लीकेट वोटर एंट्री, अलंद में हजारों वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश और हरियाणा समेत दूसरे राज्यों में चुनावी अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेजी सबूत सामने रखे हैं.

कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कराने के बजाय आरोपों को खारिज कर दिया. पार्टी के मुताबिक, आयोग ने राहुल गांधी से हलफनामा मांगा और जांच एजेंसियों को जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने में भी सहयोग नहीं किया.

SIR के खिलाफ भी देशभर में अभियान चलाएगी कांग्रेस

कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी Special Intensive Revision (SIR) की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं. पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची को दुरुस्त करने के नाम पर नागरिकों को अपनी नागरिकता और मतदाता होने का अधिकार साबित करने के लिए मजबूर किया जा रहा है.

कांग्रेस के मुताबिक, बिहार की ड्राफ्ट मतदाता सूची से ही 65 लाख से अधिक नाम हटाए गए हैं. पार्टी ने आशंका जताई है कि तीन चरणों में अब तक 13 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं के नाम हटाए जा सकते हैं.

कांग्रेस का कहना है कि इस प्रक्रिया से गरीब, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक, प्रवासी मजदूर और शादी के बाद अपना घर बदलने वाली महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हो सकती हैं.

‘वोट रक्षक’ अभियान के तहत बूथ स्तर पर पहुंचेंगे कार्यकर्ता

संविधान रक्षा मार्च के साथ कांग्रेस ‘वोट रक्षक’ अभियान भी शुरू करेगी. इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता हर बूथ पर जाकर मतदाता सूची की जांच करेंगे और हटाए गए नामों की जानकारी जुटाएंगे.

कांग्रेस का कहना है कि जिन मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, उन्हें अपना मताधिकार वापस हासिल करने की प्रक्रिया में मदद दी जाएगी. पार्टी इस अभियान के जरिए बूथ स्तर पर मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों को सामने लाने की तैयारी कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *