मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणवी गाने को लेकर जारी विवाद के बीच लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। गैंग की ओर से जारी एक नोट में न सिर्फ पानीपत में हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई, बल्कि सिंगर को सीधे गोली मारने की चेतावनी भी दी गई है।
बताया जा रहा है कि यह नोट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।
नोट में गैंग ने ली फायरिंग की जिम्मेदारी
लॉरेंस बिश्नोई गैंग द्वारा जारी नोट में लिखा गया है,
‘जय महाकाल, जय श्रीराम. राम-राम सभी भाइयों को. आज असंध रोड, पानीपत में वेस्टर्न यूनियन (हवाला कारोबार) से जुड़े गैरी और शैंकी के ऑफिस पर जो फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी मैं रंदीप मलिक और अनिल पंडित (USA) लेता हूं. यह लोग हवाला के जरिए देश का पैसा विदेश भेजकर देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहे थे. हमने इन्हें पहले फोन करके चेतावनी भी दी थी, लेकिन इन्हें समझ नहीं आया.
आज की घटना सिर्फ एक ट्रेलर है, पूरी पिक्चर अभी बाकी है. जो भी लोग हवाला का काम करते हैं, समय रहते सुधर जाएं, नहीं तो उनका अंजाम बहुत बुरा होगा. नोट: सिंगर बादशाह, तूने हरियाणा की संस्कृति को खराब करने की कोशिश की है. 2024 में तेरे क्लब में तुझे ट्रेलर दिखाया था, अगली बार सीधे तेरे माथे में गोली मारेंगे.’
हरियाणवी गाने से जुड़ा बताया जा रहा विवाद
जानकारी के मुताबिक, इस पूरे विवाद की जड़ बादशाह का हाल ही में रिलीज हुआ हरियाणवी गाना ‘टटिहरी’ है। गाने के रिलीज होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर विरोध शुरू हो गया था और कुछ संगठनों ने इसे हरियाणा की संस्कृति के खिलाफ बताया।
विवाद इतना बढ़ गया कि उनकी गिरफ्तारी की मांग तक उठने लगी। हरियाणा महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए बादशाह के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की और गिरफ्तारी के आदेश जारी किए।
विवाद बढ़ने पर बादशाह ने मांगी माफी
गाने को लेकर बढ़ते विवाद के बीच बादशाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर माफी मांगी थी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। साथ ही उन्होंने बताया कि विवाद को देखते हुए गाने को सभी प्लेटफॉर्म से हटाने का फैसला लिया गया है।
फिलहाल धमकी मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।