उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। बीजेपी के राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनका मन केवल रोजा-इफ्तारी में लगता है, लेकिन चुनावी मजबूरी के कारण अब उन्हें गुरुद्वारों और मंदिरों में जाना पड़ रहा है। वहीं, बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने भी अखिलेश यादव पर हमला बोला और उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान सिखों की जमीनों तथा गुरुद्वारों पर कब्जे होने के आरोप लगाए।
प्रकाश पाल बोले- अखिलेश का असली चेहरा सनातन विरोधी
बीजेपी सांसद प्रकाश पाल ने अखिलेश यादव को घेरते हुए कहा कि उनका असली चेहरा सनातन विरोधी है और उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को पहले ही नकार चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोग यह नहीं भूले हैं कि अखिलेश यादव के शासनकाल में प्रदेश के दलितों, पिछड़ों और महिलाओं का शोषण हुआ था।
प्रकाश पाल ने कहा कि अखिलेश का मन केवल रोजा-इफ्तारी में लगता है, लेकिन चुनावी जरूरतों के चलते उन्हें अब मंदिरों और गुरुद्वारों का रुख करना पड़ रहा है।
सपा-कांग्रेस सीट शेयरिंग पर भी बीजेपी ने साधा निशाना
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर भी बीजेपी नेता ने हमला बोला। प्रकाश पाल ने इंडी गठबंधन को भारत विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि इसका उद्देश्य देश को तोड़ना है।
दिनेश प्रताप सिंह का आरोप- अखिलेश राज में गुरुद्वारों पर हुए कब्जे
बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने भी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जब अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, उस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई के क्षेत्रों में सिख समुदाय के लोगों का मुसलमानों द्वारा शोषण किया गया।
दिनेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि सहारनपुर में एक गुरुद्वारे पर मुस्लिमों ने कब्जा किया था। उन्होंने 1984 के दंगों से जुड़े न्याय की मांग को लेकर कानपुर में सिख समुदाय के लोगों के सड़क पर उतरने का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी अखिलेश यादव चुप रहे थे।
सपा-कांग्रेस गठबंधन को बताया ‘लठबंधन’
बीजेपी प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर तंज कसते हुए इसे ‘लठबंधन’ करार दिया। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों की जमीन पर अब कोई ताकत नहीं बची है, लेकिन उनके नेता लगातार बैठकें कर रहे हैं और एक-दूसरे को नीचा दिखाने में लगे हैं।