Uttarakhand Film Policy: फिल्मों की शूटिंग पर मिलेगी ₹3 करोड़ तक की सब्सिडी, IFFI-2026 में धामी सरकार ने पेश किया खास ऑफर

उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार प्रयास कर रही है। गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के तहत Waves Film Bazaar में उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग लोकेशन्स को लेकर विशेष पैनल डिस्कशन हुआ। इस दौरान राज्य की फिल्म प्रोत्साहन नीति, फिल्मकारों को मिलने वाली सुविधाओं और शूटिंग के लिए उपलब्ध प्राकृतिक स्थलों की संभावनाओं पर चर्चा की गई। उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 के तहत पात्र फिल्मों को अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी देने का प्रावधान भी प्रमुखता से सामने रखा गया।

IFFI-2026 में उत्तराखंड की फिल्म नीति पर हुई चर्चा

गोवा में आयोजित इस सत्र का विषय ‘Destination Uttarakhand: Where Nature Meets Cinematic Magic’ रखा गया था। इसमें उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर विचार साझा किए गए।

पैनल डिस्कशन में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया।

फिल्म शूटिंग पर मिलेगी 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी

उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 राज्य में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रही है। इसका उद्देश्य उत्तराखंड को एक प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के तौर पर स्थापित करना है।

उन्होंने बताया कि इस नीति के तहत पात्रता और निर्धारित शर्तों के अनुसार हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियल्स के लिए अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा सिंगल विंडो व्यवस्था और आसान शूटिंग अनुमति प्रक्रिया के जरिए फिल्मकारों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मसूरी से नैनीताल तक शूटिंग के लिए कई खूबसूरत लोकेशन

के.एस. चौहान ने कहा कि उत्तराखंड में हिमालय के प्राकृतिक दृश्य, नदियां, पर्वतीय क्षेत्र, ऐतिहासिक इमारतें और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं फिल्मकारों के लिए शूटिंग के कई विकल्प उपलब्ध कराती हैं।

मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार के साथ गढ़वाल और कुमाऊं के विभिन्न इलाकों में फिल्म निर्माण की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि राज्य की फिल्म नीति का प्रमुख आधार 3T यानी टैलेंट, ट्रेनिंग और टेक्नोलॉजी है। इसके माध्यम से स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को अवसर देने के साथ क्षेत्रीय सिनेमा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

आरुषि निशंक ने वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का किया जिक्र

अभिनेत्री और फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का उदाहरण देते हुए उत्तराखंड में फिल्म निर्माण की संभावनाओं पर बात की। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित इस प्रोजेक्ट को कहानी सुनने के बाद जियो हॉटस्टार ने कमीशन किया था।

आरुषि निशंक ने प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और यहां फिल्म निर्माण के अनुकूल माहौल की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में एक मजबूत फिल्म इकोसिस्टम विकसित करने की जरूरत है, ताकि अधिक से अधिक फिल्म निर्माता यहां शूटिंग के लिए आकर्षित हो सकें।

राम रेड्डी बोले- उत्तराखंड मेरे लिए दूसरे घर जैसा

प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड उनके लिए दूसरे घर जैसा है। फिल्म के लिए उपयुक्त लोकेशन तलाशने के उद्देश्य से वह 17 बार उत्तराखंड आए थे।

राम रेड्डी ने स्थानीय लोगों के सहयोग और आत्मीयता की प्रशंसा करते हुए बताया कि शूटिंग के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उत्तराखंड के गांवों के बच्चों को भी अभिनय करने का अवसर दिया गया।

फिल्म शूटिंग से स्थानीय युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

इस पैनल डिस्कशन के जरिए उत्तराखंड की फिल्म नीति, सब्सिडी, प्राकृतिक शूटिंग स्थलों और स्थानीय प्रतिभाओं की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत के सामने रखा गया।

कार्यक्रम में इस बात पर भी जोर दिया गया कि राज्य में फिल्म निर्माण की गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। इसके साथ ही होटल, परिवहन, आतिथ्य और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी फायदा मिलने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *