अमेठी छोड़ रायबरेली से चुनाव लड़ेंगे राहुल गांधी, अजय राय बोले- भारी बहुमत से जीतेंगे

अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा को लेकर पिछले कई दिनों से जारी संशय शुक्रवार को खत्म हो गया। ‘केंद्रीय चुनाव समिति’ की बैठक में लोकसभा चुनाव, 2024 के लिए राहुल गांधी को उत्तर प्रदेश के रायबरेली से और किशोरी लाल शर्मा को अमेठी से कांग्रेस उम्मीदवार घोषित किया गया है। अमेठी-रायबरेली से उम्मीदवारों के चयन पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पहली प्रतिक्रिया दी है। अजय राय ने कहा, “हम लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग थी और हम चाहते थे कि हम सबके नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ें। पार्टी के कार्यकर्ताओं को और अमेठी-रायबरेली के गांव को वे (राहुल गांधी) जानते हैं। रायबरेली एक परंपरागत सीट है जहां हमेशा विकास का कार्य हुआ है, अमेठी में भी वही हाल है। मैं राहुल गांधी को जीत की अग्रिम शुभकामनाएं देता हूं। इसका जबरदस्त असर आने वाले पांचों चरणों के चुनाव पर पड़ने वाला है।”अजय राय ने आगे कहा, रायबरेली से राहुल गांधी के लड़ने से पूरे देश का माहौल बदलेगा। आने वाले 5 चरण के चुनाव में इसका बहुत बड़ा असर देखने को मिलेगा। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन 2024 में पूरी ताकत के साथ सरकार बनाने जा रही है, ये तय हो गया है। राहुल गांधी फाईटर हैं वह पीछे नहीं हट सकते। वह चुनाव लड़ रहे हैं और भारी बहुमत से चुनाव जीतेंगे। अमेठी लोकसभा सीट से गांधी परिवार के वफादार किशोरी लाल शर्मा चुनाव लड़ेंगे। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी शुक्रवार सुबह 10:30 बजे विशेष विमान से फुरसतगंज एयरपोर्ट पहुंचेंगे और दोपहर 12:15 बजे अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसके बाद वह पुणे के लिए रवाना होंगे। राहुल गांधी के रायबरेली सीट से मैदान में उतरने से अमेठी में एक दिलचस्प मुकाबला टल गया है। इस सीट से केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद स्मृति ईरानी दूसरी बार मैदान में हैं। रायबरेली में राहुल गांधी का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह से होगा। बता दें कि पहले इस सीट पर राहुल गांधी की मां सोनिया गांधी उम्मीदवार थीं लेकिन वह अब राजस्थान से राज्यसभा सदस्य चुन ली गई हैं। इस वजह से वह लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *