PM मोदी ने उद्योगपतियों से पूछा बड़ा सवाल, टैक्स में छूट तो दे दी… क्या कर्मचारियों की सैलरी भी बढ़ाई या नई नौकरियां दीं?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के शताब्दी समारोह में कॉरपोरेट टैक्स और आयकर में दी गई राहत का जिक्र करते हुए उद्योग जगत से सीधा सवाल किया। उन्होंने पूछा कि सरकार की ओर से टैक्स में बड़ी कटौती किए जाने के बाद क्या कंपनियों ने अपने कर्मचारियों की तनख्वाह बढ़ाई या नए लोगों को नौकरी पर रखा? पीएम मोदी ने उद्योगपतियों से अपील की कि टैक्स में मिली राहत का फायदा कर्मचारियों तक भी पहुंचना चाहिए।

पीएम मोदी ने उद्योग जगत से क्या पूछा?

FICCI के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि साल 2014 में कॉरपोरेट टैक्स की मूल दर 30 प्रतिशत थी, जिसे सरकार ने घटाकर 22 प्रतिशत कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आज भारत में 12 लाख रुपये तक की आय पर कोई इनकम टैक्स नहीं है।

इसके बाद पीएम मोदी ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से सवाल करते हुए कहा, ‘मैंने 12 लाख रुपये तक की आय पर इनकम टैक्स माफ कर दिया, लेकिन क्या आपने सैलरी बढ़ाई या कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई? ‘मोदी जी आप कर दीजिए, हम देख लेंगे’ क्या इसी तरह से काम होगा?’

प्रधानमंत्री के इस सवाल पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हंसी गूंज उठी। उन्होंने उद्योग जगत से कहा कि सरकार की ओर से दी जा रही टैक्स राहत का लाभ कर्मचारियों तक पहुंचना भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

आयकर में बड़ी राहत देने का साहस दिखाया: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने यह जानते हुए भी आयकर में बड़ी राहत देने का फैसला किया कि उद्योग जगत के लोग शायद इन कदमों से पूरी तरह संतुष्ट नहीं होंगे। उनके मुताबिक, इस राहत से आम लोगों की खरीदारी करने की क्षमता में काफी बढ़ोतरी हुई है।

पीएम मोदी ने कहा, ‘दोस्तों, हमने आयकर में इतनी बड़ी राहत देने का साहस दिखाया. इससे हमारे लोगों की खरीदने की ताकत में काफी बढ़ोत्तरी हुई है.’

उन्होंने कारोबारियों से सरकार की ओर से किए गए इन प्रयासों को स्वीकार करने का भी अनुरोध किया। प्रधानमंत्री का जोर इस बात पर रहा कि टैक्स में राहत से अर्थव्यवस्था में मांग बढ़ने के साथ कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलना चाहिए।

ITR और रिफंड प्रक्रिया को आसान बनाने का किया जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने और रिफंड मिलने की प्रक्रिया में किए गए बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने टैक्स से जुड़े सिस्टम को पहले की तुलना में आसान बनाया है, ताकि करदाताओं का पैसा अनावश्यक रूप से न अटके।

पुरानी व्यवस्था का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘पहले आपको याद होगा, एक पत्र आने में 8 महीने लग जाते थे. आज क्या एक हफ्ते के भीतर रिटर्न प्रोसेस नहीं हो जाता?’

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में टैक्स सुधारों के साथ-साथ उद्योग जगत की जिम्मेदारी पर भी जोर दिया। उनका संदेश था कि सरकार की ओर से कंपनियों को मिलने वाली राहत का असर कर्मचारियों की सैलरी और रोजगार के अवसरों में भी दिखाई देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *