UP Teachers News: शिक्षक दिवस 2025 पर उत्तर प्रदेश के शिक्षकों के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ में आयोजित टैबलेट वितरण एवं स्मार्ट क्लास लोकार्पण कार्यक्रम में कहा कि अब राज्य के लाखों शिक्षकों को कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
9 लाख शिक्षक और परिवार होंगे लाभान्वित
सीएम योगी ने कहा कि प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, शासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों और वित्त पोषित महाविद्यालयों के शिक्षक इस सुविधा का लाभ उठाएंगे। साथ ही शिक्षा मित्र, अनुदेशक और रसोइया भी इसमें शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि इस योजना से लगभग 9 लाख शिक्षक यानी 9 लाख परिवार लाभान्वित होंगे।
शिक्षामित्र और अनुदेशकों के मानदेय पर भी विचार
कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के मानदेय को बढ़ाने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है। इसके लिए उच्चस्तरीय समिति बनाई गई है और जल्द ही रिपोर्ट मिलने के बाद बड़ा फैसला लिया जाएगा।
“पाकिस्तान जैसे देश क्यों खत्म हो जाते हैं”
अपने संबोधन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मजबूत शिक्षा व्यवस्था और समाज की सकारात्मक सोच ही किसी राष्ट्र को दीर्घायु बनाती है। उन्होंने कहा, “जल्द समाप्त हो जाते हैं पाकिस्तान जैसे देश, क्योंकि उनके पास न तो शिक्षा व्यवस्था मजबूत है और न ही कोई दूरदृष्टि।”
मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि यह नई पहल शिक्षकों के स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में मदद करेगी।