India-US Trade Deal: भारत-अमेरिका व्यापारिक रिश्तों को लेकर अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक ने विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि भारत को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से माफी मांगनी पड़ेगी और समझौते की टेबल पर आना ही होगा।
“भारत को माफी मांगनी पड़ेगी”
ब्लूमबर्ग को दिए इंटरव्यू में लुटनिक ने कहा, “भारत के कारोबारी समझ गए हैं कि अमेरिकी बाजार के बिना उनका कुछ नहीं हो सकता। वे माफी मांगेंगे और राष्ट्रपति ट्रंप के साथ डील करेंगे।” उन्होंने कनाडा का उदाहरण देते हुए कहा कि जब वहां की अर्थव्यवस्था डगमगाई तो उन्हें अपने रुख से पीछे हटना पड़ा।
ब्रिक्स को लेकर चेतावनी
लुटनिक ने भारत के ब्रिक्स में बने रहने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “भारत को अमेरिका का समर्थन करना होगा या फिर रूस और चीन के साथ गठबंधन करना होगा। अगर भारत ब्रिक्स में रहना चाहता है तो रहे, लेकिन यह ज्यादा दिन नहीं चलेगा।” उन्होंने चेतावनी दी कि भारत अगर रूसी तेल खरीदना और ब्रिक्स का हिस्सा बने रहना जारी रखता है तो उसे 50% टैरिफ झेलने के लिए तैयार रहना होगा।
“भारत और चीन एक-दूसरे को सामान नहीं बेच पाएंगे”
अमेरिकी मंत्री ने कहा, “भारत और चीन अंततः एक-दूसरे को सामान नहीं बेच पाएंगे और उन्हें अमेरिकी बाजार पर निर्भर होना ही पड़ेगा।” उन्होंने दावा किया कि 30 ट्रिलियन डॉलर की अमेरिकी अर्थव्यवस्था ही दुनिया का सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है और भारत जैसे देशों को अंततः उसी पर आना होगा।