UP Election 2027: अखिलेश यादव ने बनाई INDIA गठबंधन सीट शेयरिंग कमेटी, इकरा हसन समेत इन 4 नेताओं को मिली जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने INDIA गठबंधन के साथ सीटों के बंटवारे पर बातचीत के लिए एक कमेटी गठित की है। इस कमेटी में सपा सांसद इकरा हसन चौधरी को भी शामिल किया गया है। गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस के साथ बातचीत की जिम्मेदारी पार्टी के चार वरिष्ठ नेताओं को सौंपी गई है।

सपा की सीट शेयरिंग कमेटी में कौन-कौन शामिल?

अखिलेश यादव की ओर से गठित इस कमेटी में सपा सांसद इकरा हसन चौधरी के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव को शामिल किया गया है। वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और सांसद राजीव राय भी इस कमेटी का हिस्सा होंगे।

ये चारों नेता कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत करेंगे। कमेटी का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव के लिए INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच सीटों को लेकर सहमति बनाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है।

सपा की कमेटी पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने क्या कहा?

समाजवादी पार्टी की ओर से कमेटी गठित किए जाने पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे गठबंधन की दिशा में अच्छी शुरुआत बताया।

आराधना मिश्रा ने कहा, ”ये एक अच्छी शुरुआत है और कांग्रेस पार्टी लगातार गठबंधन को मजबूत करने के लिए हम लोगों ने 2024 में भी काम किया और आज भी 2027 में भी कांग्रेस पूरी तरह से अपने गठबंधन धर्म को निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है.”

कांग्रेस की ओर से सीट शेयरिंग पर कौन करेंगे बातचीत?

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे पर कांग्रेस की ओर से भी नेताओं की टीम बातचीत करेगी। इस प्रक्रिया में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा और सांसद इमरान मसूद शामिल होंगे।

इस तरह सपा और कांग्रेस ने सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत के लिए अपने-अपने नेताओं की जिम्मेदारी तय कर दी है। अब दोनों दलों के बीच होने वाली चर्चा में सीटों के बंटवारे और गठबंधन की चुनावी रणनीति को लेकर सहमति बनाने पर ध्यान रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *