UP Politics: यूपी को मिलेगा नया डिप्टी CM? राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह सहित 6 नए मंत्री हो सकते हैं शामिल

उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (BJP) इकाई में संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। सूत्रों का दावा है कि राज्य को जल्द ही एक नया उप मुख्यमंत्री मिल सकता है। सूत्रों के अनुसार, इस रेस में पूर्व सांसद साध्वी निरंजन ज्योति का नाम सबसे आगे है।

जानकारी के मुताबिक, यूपी बीजेपी अध्यक्ष के चुनाव के बाद मंत्रिमंडल विस्तार होगा, जिसमें 6 नए लोग शामिल किए जा सकते हैं। यूपी सरकार में अभी 54 मंत्री हैं और कुल 60 तक बनाए जा सकते हैं।

मंत्री पद की रेस में ये प्रमुख नाम:

सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल विस्तार में कई प्रमुख नाम चर्चा में हैं:

  • पंकज सिंह: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे और नोएडा विधानसभा सीट से विधायक पंकज सिंह को भी मंत्री बनाया जा सकता है।
  • भूपेंद्र चौधरी: यूपी बीजेपी के मौजूदा चीफ भूपेंद्र चौधरी भी मंत्रिमंडल में शामिल होंगे।
  • सपा के बागी: मंत्रिमंडल में समाजवादी पार्टी के बागियों को भी जगह मिल सकती है। पूजा पाल और मनोज पांडेय के मंत्री बनाए जाने की चर्चा है।
  • महेंद्र सिंह: महेंद्र सिंह को भी मंत्रिमंडल में शामिल करने की चर्चा है।
  • गठबंधन के सहयोगी: सूत्रों के अनुसार, संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में न सिर्फ बीजेपी, बल्कि सहयोगी दलों राष्ट्रीय लोकदल (RLD) और अपना दल से भी एक-एक मंत्री बनाए जा सकते हैं।

सूत्रों की मानें तो, इस विस्तार में कुछ मौजूदा मंत्रियों को हटाया भी जा सकता है। ये सभी प्रक्रियाएं बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के बाद पूरी होंगी।

‘संगठन का महा पर्व चल रहा है’: भूपेंद्र चौधरी

इन सबके बीच, यूपी बीजेपी चीफ भूपेंद्र सिंह चौधरी की प्रतिक्रिया सामने आई है। पार्टी में संगठनात्मक बदलावों के संदर्भ में चौधरी ने कहा कि, “भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक तौर पर बड़ी पार्टी है।”

उन्होंने कहा कि, “संगठन का कोई भी कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष बन सकता है। संगठन का महा पर्व हमने पूरे साल चलाया है। अब प्रदेश अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया तक पहुंचाया। कल नामांकन होगा और परसों अधिकृत तौर पर प्रदेश अध्यक्ष का एलान होगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *