UP में कोटेदारों को योगी सरकार की बड़ी राहत, अवैध वसूली और शोषण करने वाले अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के साथ ही उचित दर विक्रेताओं यानी कोटेदारों के हितों की सुरक्षा पर भी जोर दे रही है। इसी कड़ी में खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोटेदारों का किसी भी स्तर पर शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध वसूली, अनुचित दबाव या भ्रष्टाचार के जरिए उन्हें परेशान करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कोटेदारों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों पर होगी कार्रवाई

खाद्य मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि कोटेदारों के जायज अधिकारों और उनके सम्मान के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। विभाग की ओर से अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि उचित दर विक्रेताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करें।

मंत्री ने चेतावनी दी कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अवैध वसूली करता है, अनुचित दबाव बनाता है या भ्रष्टाचार के माध्यम से कोटेदारों को परेशान करता है तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

लाभांश बढ़ने से कोटेदारों को मिलेगी आर्थिक मजबूती

ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के तत्वावधान में लखनऊ के रविंद्रालय में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कोटेदारों ने लाभांश बढ़ाने के फैसले के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और खाद्य मंत्री मनोज कुमार पांडेय का आभार जताया।

संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि उचित दर विक्रेता लंबे समय से लाभांश में वृद्धि की मांग कर रहे थे। सरकार ने उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर उनके आर्थिक हितों के साथ-साथ मान-सम्मान को भी प्राथमिकता दी है। संगठन ने इस फैसले को कोटेदारों के लिए राहत देने वाला कदम बताया।

16 करोड़ लाभार्थियों तक राशन पहुंचाने में कोटेदारों की अहम भूमिका

मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कोटेदारों से अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग 16 करोड़ लाभार्थियों तक खाद्यान्न पहुंचाने में उचित दर विक्रेताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली गरीबों के अधिकारों से जुड़ी व्यवस्था है। इसलिए प्रत्येक पात्र लाभार्थी को निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण राशन मिलना चाहिए। राशन लेने आने वाले किसी भी व्यक्ति को अपमानित या परेशान नहीं किया जाना चाहिए। इसके साथ ही खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता और नियमितता बनाए रखना अनिवार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *