उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने बुधवार (11 फरवरी 2026) को विधानसभा में इतिहास रच दिया. वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया. 9.13 लाख करोड़ रुपये का यह बजट पिछले साल के मुकाबले 12.2% ज्यादा है. 18वीं विधानसभा के इस आखिरी पूर्ण बजट में सरकार ने 2027 के चुनावों को ध्यान में रखते हुए युवाओं, किसानों, महिलाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए खजाना खोल दिया है.
बजट की 10 बड़ी बातें, जो आपको जाननी चाहिए:
- बजट का आकार: वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने 9.13 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया. राजकोषीय घाटे की सीमा 3% तय की गई है.
- स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस: स्वास्थ्य बजट में 15% की बढ़ोतरी की गई है. कुल 37,956 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है. 14 नए मेडिकल कॉलेजों के लिए 1,023 करोड़ और लखनऊ कैंसर संस्थान के लिए 315 करोड़ रुपये दिए गए हैं.
- कानून-व्यवस्था: पुलिस विभाग को और हाईटेक बनाने और पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय भवनों के निर्माण हेतु 1,243 करोड़ रुपये और अनावासीय भवनों के लिए 1,374 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं.
- युवाओं के लिए टैबलेट-स्मार्टफोन: स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन बांटने के लिए 2,374 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है.
- टेक्नोलॉजी और AI मिशन: यूपी अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दौड़ में भी शामिल होगा. ‘यूपी एआई मिशन’ के लिए 225 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं. आईटी बजट में 76% की भारी बढ़ोतरी की गई है.
- डिफेंस कॉरिडोर: यूपी के डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में अब तक 200 रक्षा उद्योगों के लिए समझौते हुए हैं, जिससे 35,280 करोड़ का निवेश आएगा और 50 हजार से ज्यादा नौकरियां मिलेंगी.
- एक जनपद, एक व्यंजन: ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) की तर्ज पर अब ‘एक जनपद, एक व्यंजन’ योजना शुरू की जा रही है, जिसके लिए 75 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है.
- वस्त्र उद्योग को बूस्ट: हथकरघा और टेक्सटाइल सेक्टर के बजट को पिछले साल के मुकाबले 5 गुना बढ़ा दिया गया है. इसके लिए 541 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं. लक्ष्य है कि इससे 30 हजार नए रोजगार पैदा होंगे.
- एमएसएमई (MSME): छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए 3,822 करोड़ रुपये का प्रावधान है. सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार योजना के लिए 575 करोड़ रुपये अलग से रखे गए हैं.
- इंफ्रास्ट्रक्चर: अटल इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत विकास कार्यों के लिए 2,000 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है.
वित्त मंत्री बोले- हर वर्ग का रखा ख्याल
बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सीएम योगी ने पहले दिन से ही प्रदेश के हर वर्ग के विकास के लिए काम किया है. शिक्षा के लिए कुल बजट का 12.4%, कृषि के लिए 9% और स्वास्थ्य के लिए 6% हिस्सा आवंटित किया गया है.