उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज होती जा रही है। इस बीच AIMIM प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने इशारों-इशारों में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान पर निशाना साधा है। ओवैसी ने सेक्युलर पार्टियों के मुस्लिम नेताओं पर सवाल उठाते हुए मशहूर शायर राहत इंदौरी के शेर के जरिए अपनी बात रखी। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब आजम खान लगातार ओवैसी को लेकर बयान दे रहे हैं।
राहत इंदौरी के शेर से ओवैसी ने आजम खान पर साधा निशाना
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सेक्युलर पार्टियों से जुड़े मुस्लिम नेता अपने राजनीतिक नेतृत्व से सवाल पूछने के बजाय उनसे ज्यादा सवाल करते हैं। उनके मुताबिक, यह रवैया उन नेताओं की ईमानदारी के बारे में बहुत कुछ बताता है।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए ओवैसी ने मशहूर शायर राहत इंदौरी का शेर पढ़ा। उन्होंने कहा, ‘जैसा कि मशहूर शायर राहत इंदौरी ने कहा था कि न हमसफर, न किसी हमनशीं से निकलेगा, हमारे पांव का कांटा हमीं से निकलेगा.’
ओवैसी की इस टिप्पणी को आजम खान के हालिया बयानों से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, सपा नेता आजम खान लगातार ओवैसी पर निशाना साध रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि AIMIM उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़कर बीजेपी के इशारे पर काम कर रही है। आजम खान ने ओवैसी की हैदराबाद में चुनावी जीत को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
ओवैसी को लेकर क्या बोले थे आजम खान?
आजम खान ने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा था कि असदुद्दीन ओवैसी मुस्लिम समुदाय से केवल वोट बैंक बनकर रहने के बजाय अपनी राजनीतिक पहचान और ताकत स्थापित करने की अपील कर रहे हैं। इसी रणनीति के तहत उन्होंने चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के साथ गठबंधन किया है।
आजम खान ने ओवैसी के साथ गठबंधन करने के लिए चंद्रशेखर आजाद की भी आलोचना की थी। उन्होंने इसे मुस्लिम मतदाताओं के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात बताया। हालांकि, इस दौरान उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि समाजवादी पार्टी ने पहले चंद्रशेखर आजाद के साथ गठबंधन नहीं करके गलती की थी।
इसके साथ ही आजम खान ने सीटों के बंटवारे को लेकर संभावित मतभेदों के बावजूद सपा और कांग्रेस के गठबंधन के मजबूत बने रहने का भरोसा जताया था।
ओवैसी के मुलाकात नहीं करने पर आजम खान ने कसा था तंज
आजम खान ने असदुद्दीन ओवैसी के उनसे मुलाकात नहीं करने को लेकर भी नाराजगी जाहिर की थी। उनसे पूछा गया था कि ओवैसी चुनावी एजेंडे के तहत यह कहते रहे हैं कि आजम खान साहेब के साथ अत्याचार होता रहा और अखिलेश देखते रहे। इस सवाल पर आजम खान ने तंज भरे अंदाज में जवाब दिया था।
उन्होंने कहा, ‘मैं उनका कैसे शुक्रिया अदा करूं. अगर कोई तरीके बदा दे, तो मैं उनके जुते सिर पर रखकर कुतुब मीनार पर भी चढ़ जाऊंगा. इतना बड़ा ऐहसान. जब वे टांडे के लिए सामने से गुजरे थे, मेरा घर करीब ही था, जहां मेरी बीमार बीबी भी थी. वो तशरीफ ला सकते थे, लेकिन पता नहीं इस गली में आने की उनकी हिम्मत क्यों नहीं हुई.’
आजम खान और ओवैसी के बीच बढ़ती बयानबाजी ने उत्तर प्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। विधानसभा चुनाव से पहले मुस्लिम वोटों और विपक्षी दलों की रणनीति को लेकर दोनों नेताओं के बीच यह जुबानी टकराव आगे भी राजनीतिक मुद्दा बना रह सकता है।