पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले महागठबंधन और आरजेडी के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है। आरजेडी से निष्कासित तेज प्रताप यादव चुनावी मोड में हैं और उनके साथ गठबंधन करने वाली पार्टी वीवीआईपी के सुप्रीमो प्रदीप निषाद के बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है।
प्रदीप निषाद ने एबीपी न्यूज़ से बातचीत में कहा कि तेजस्वी यादव नहीं, बल्कि तेज प्रताप यादव में मुख्यमंत्री बनने की काबिलियत है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री पढ़ा-लिखा होना चाहिए। तेजस्वी यादव केवल नौवीं पास हैं, जबकि तेज प्रताप पढ़े-लिखे हैं और उनमें सीएम बनने की पूरी क्षमता है।”
पांच पार्टियों का तेज प्रताप के साथ गठबंधन
प्रदीप निषाद के अनुसार उनकी पार्टी सहित पांच दलों ने तेज प्रताप के साथ गठबंधन किया है। उन्होंने बताया कि तेज प्रताप यादव की ओर से 16 सीटों पर उम्मीदवार उतारे जाएंगे, जबकि बाकी सीटों पर गठबंधन के अन्य दल चुनाव लड़ेंगे।
मुकेश सहनी पर तीखा हमला
वीईपी प्रमुख मुकेश सहनी पर निशाना साधते हुए प्रदीप निषाद ने कहा, “मुकेश सहनी ने निषाद समाज को बरगलाने का काम किया है। वह बहरूपिया और बिजनेसमैन हैं। राजनीति में भी बिजनेस करने आए हैं। महागठबंधन में सहनी 11 से 12 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, लेकिन एक भी सीट नहीं जीत पाएंगे। हम उनका हर हाल में विरोध करेंगे।”
बिहार की 243 सीटों पर उतरेगा गठबंधन
प्रदीप निषाद ने दावा किया कि उनका गठबंधन बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगा और बिना उनके समर्थन के किसी की सरकार नहीं बन पाएगी। उन्होंने कहा कि हमारी शर्त होगी कि तेज प्रताप यादव को मुख्यमंत्री बनाया जाए।