विदेशों में बढ़ी UP के आलू, आम और अमरूद की डिमांड, नेपाल बना सबसे बड़ा खरीदार; अमेरिका-जर्मनी भी हुए मुरीद

उत्तर प्रदेश के कृषि और बागवानी उत्पाद अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं। योगी सरकार प्रदेश को कृषि और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसका असर निर्यात के आंकड़ों में भी दिखाई दे रहा है। प्रदेश के आलू, अंगूर, अनार, संतरा, तरबूज, मटर, आम और अमरूद जैसे उत्पादों की विदेशों में मांग तेजी से बढ़ी है। खास बात यह है कि ताजे फल और सब्जियों के साथ-साथ प्रसंस्कृत और संरक्षित उत्पादों का निर्यात भी बढ़ रहा है। नेपाल उत्तर प्रदेश के बागवानी उत्पादों का सबसे बड़ा खरीदार बनकर उभरा है।

489 करोड़ रुपये तक पहुंचा शीर्ष 15 उत्पादों का निर्यात

अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, बाबू लाल मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानों की आय बढ़ाने और प्रदेश के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए उत्पादन के साथ प्रसंस्करण, गुणवत्ता, भंडारण और निर्यात सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं।

इसी दिशा में प्रदेश को बेहतर परिणाम मिले हैं। बागवानी उत्पादों के निर्यात मूल्य के आधार पर जारी शीर्ष 20 उत्पादों की सूची में पहले 15 उत्पादों का कुल निर्यात मूल्य 489.01 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। इसमें आलू और उससे तैयार होने वाले उत्पादों की सबसे महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है।

ताजा और शीतित आलू का निर्यात 146.03 करोड़ रुपये रहा, जबकि आलू के फ्लेक्स, ग्रेन्यूल्स और पेलेट्स का निर्यात 103.24 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इस तरह इन दोनों श्रेणियों के आलू उत्पादों का कुल निर्यात 249.27 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

नेपाल बना यूपी के बागवानी उत्पादों का सबसे बड़ा खरीदार

उत्तर प्रदेश के बागवानी उत्पादों के निर्यात में नेपाल की बड़ी हिस्सेदारी है। ताजा और शीतित आलू के कुल 146.03 करोड़ रुपये के निर्यात में अकेले नेपाल को 145.12 करोड़ रुपये के उत्पाद भेजे गए। इसी तरह ताजे अंगूर का 34.89 करोड़ रुपये का पूरा निर्यात नेपाल को किया गया।

अनार के निर्यात में नेपाल की हिस्सेदारी 24.75 करोड़ रुपये रही। वहीं, संतरे के 21.19 करोड़ रुपये और नींबू एवं लाइम के 15.71 करोड़ रुपये के निर्यात का प्रमुख गंतव्य भी नेपाल रहा। इन आंकड़ों से साफ है कि पड़ोसी देश उत्तर प्रदेश के कृषि उत्पादों के लिए एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय बाजार बन चुका है।

जापान, मलेशिया और इजरायल में भी पहुंच रहे आलू के उत्पाद

प्रदेश के प्रसंस्कृत बागवानी उत्पादों की मांग नेपाल के अलावा दूसरे देशों में भी बढ़ रही है। आलू के फ्लेक्स, ग्रेन्यूल्स और पेलेट्स का निर्यात जापान, मलेशिया, इजरायल और इंडोनेशिया जैसे देशों में किया जा रहा है।

इस श्रेणी में जापान को 44.06 करोड़ रुपये, मलेशिया को 17.43 करोड़ रुपये, इजरायल को 11.89 करोड़ रुपये और इंडोनेशिया को 11.44 करोड़ रुपये के उत्पाद निर्यात किए गए। इसके अलावा सूखे आलू का निर्यात 26.89 करोड़ रुपये रहा, जिसमें नेपाल की प्रमुख हिस्सेदारी रही।

प्रदेश के सूखे और निर्जलित उत्पादों की भी विदेशों में अच्छी मांग है। सूखी अन्य निर्जलित सब्जियों का निर्यात 23.51 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इसमें जर्मनी को 19.70 करोड़ रुपये, अमेरिका को 3.05 करोड़ रुपये और नेपाल को 0.76 करोड़ रुपये के उत्पाद भेजे गए।

यूपी की हरी मटर के कायल हुए अमेरिका और जर्मनी

उत्तर प्रदेश के तरबूज, मटर और अन्य सब्जियों ने भी विदेशी बाजारों में अपनी जगह बनाई है। ताजे और सूखे संतरे का निर्यात 21.19 करोड़ रुपये, ताजे तरबूज का 20.37 करोड़ रुपये और अन्य सब्जियों एवं सब्जियों के मिश्रण का निर्यात 18.03 करोड़ रुपये रहा।

तरबूज के निर्यात में नेपाल को 20.35 करोड़ रुपये के उत्पाद भेजे गए, जबकि इटली को भी इसकी आपूर्ति की गई। दूसरी ओर, अन्य सब्जियों के मिश्रण की मांग अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और संयुक्त अरब अमीरात में रही।

प्रसंस्कृत आलू उत्पादों के अलावा तैयार और संरक्षित आलू (नॉन-फ्रोजन) का निर्यात भी 14.51 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इसके प्रमुख खरीदार अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात और ब्रिटेन रहे।

फ्रोजन मटर से लेकर आम और अमरूद तक की विदेशों में मांग

उत्तर प्रदेश से फ्रोजन मटर का 12.16 करोड़ रुपये और हरी मटर का 11.99 करोड़ रुपये का निर्यात किया गया। फ्रोजन मटर की मांग सऊदी अरब, नेपाल, कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात में रही। वहीं, हरी मटर अमेरिका और जर्मनी समेत दूसरे विदेशी बाजारों तक पहुंची।

इसके अलावा ताजे आम की अन्य किस्मों का निर्यात 10.53 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। आम के प्रमुख विदेशी बाजारों में नेपाल के साथ ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात और कतर शामिल रहे। ताजे और सूखे अमरूद का निर्यात 5.18 करोड़ रुपये रहा, जिसमें नेपाल सबसे बड़ा खरीदार बना।

इन आंकड़ों से संकेत मिलता है कि उत्तर प्रदेश के कृषि उत्पादों की पहचान अब केवल घरेलू बाजार तक सीमित नहीं है। प्रसंस्करण, गुणवत्ता और निर्यात सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश के किसानों और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए अवसर मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *