‘मैंने न तो BJP का जिक्र किया और न ही किसी CM का’, नालंदा की तारीफ पर मचे सियासी घमासान के बीच शशि थरूर ने तोड़ी चुप्पी

नई दिल्ली/पटना: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर हाल ही में बिहार दौरे पर थे, जहां उन्होंने राज्य के सांस्कृतिक स्थलों और बुनियादी ढांचे की जमकर तारीफ की। नालंदा यूनिवर्सिटी और बिहार के विकास को लेकर दिए गए उनके बयानों के बाद सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई कि कांग्रेस नेता ने विपक्षी सुर छोड़कर एनडीए सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रशंसा शुरू कर दी है। इन अटकलों और राजनीतिक विवाद को बढ़ता देख अब शशि थरूर ने खुद सामने आकर सफाई दी है और स्पष्ट किया है कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।

पोस्ट कर साफ की स्थिति

शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट के जरिए उन सभी दावों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि उन्होंने बीजेपी या मौजूदा सरकार का गुणगान किया है। अपनी बात रखते हुए थरूर ने कहा, “मैंने न तो बीजेपी का जिक्र किया और न ही किसी सीएम या नेता का नाम लिया. मैंने नालंदा यूनिवर्सिटी और दो म्यूजियम जिनकी मैंने सैर की, उनकी तारीफ की. इनमें बापू टावर और बिहार म्यूजियम शामिल है. मैंने भारतीयों को इन शानदार जगहों पर जाने की अपील की और कहा कि इन इलाकों में सड़कें और सुविधाएं अच्छी हैं. ऐसी आम बातों पर राजनीतिक विवाद क्यों खड़ा करना चाहिए, जिनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है?”

बिहार को लेकर बदल गई पुरानी धारणा

दरअसल, शशि थरूर नालंदा लिटरेचर फेस्टिवल में हिस्सा लेने के लिए बिहार आए थे। इस दौरान उन्होंने राज्य के ऐतिहासिक और आधुनिक स्थलों का भ्रमण किया। उन्होंने स्वीकार किया कि इस यात्रा ने बिहार के प्रति उनकी पुरानी धारणाओं को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने वहां के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण को देखकर अपनी खुशी जाहिर की थी, जिसे राजनीतिक चश्मे से देखा जाने लगा।

बिहार म्यूजियम को बताया वर्ल्ड क्लास

विवादों से इतर थरूर ने पटना स्थित बिहार म्यूजियम के अपने अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि वहां बिताए गए ढाई घंटे भी उन्हें कम लगे। उन्होंने म्यूजियम की तारीफ करते हुए कहा कि यह वर्ल्ड क्लास है और यहां मॉडर्न आर्किटेक्चर के साथ प्राचीन इतिहास का अद्भुत संगम है। उन्होंने बताया कि मौर्य, गुप्त और पाल वंश के ऐतिहासिक कलेक्शन को देखने में उन्होंने दो घंटे से ज्यादा का वक्त बिताया, फिर भी उन्हें लगता है कि उन्होंने बहुत कुछ मिस कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *