पिज्जा-बर्गर और चाऊमीन के शौक ने ली 11वीं की छात्रा की जान, आंतों में हो गए थे छेद, डॉक्टरों ने किया बड़ा खुलासा

अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जो हर माता-पिता को डराने के लिए काफी है। यहाँ जीभ का स्वाद और जंक फूड की लत 16 साल की एक होनहार छात्रा के लिए काल बन गई। चाऊमीन, मैगी, पिज्जा और बर्गर जैसे फास्ट फूड के अत्यधिक सेवन के कारण कक्षा 11वीं की छात्रा की आंतों में इन्फेक्शन इतना बढ़ गया कि उसकी जान चली गई। दिल्ली एम्स तक में इलाज कराने के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने जंक फूड को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है।

इलाज के दौरान पता चली खौफनाक सच्चाई

मृतक छात्रा अहाना, अमरोहा के मोहल्ला अफगानान निवासी किसान मंसूर खान की बेटी थी और हाशमी गर्ल्स इंटर कॉलेज में पढ़ाई करती थी। परिजनों के मुताबिक, अहाना को बाहर का खाना और फास्ट फूड खाने का बहुत शौक था, जिसके लिए उसे घर में मना भी किया जाता था। सितंबर महीने में जब उसके पेट में तेज दर्द शुरू हुआ, तो बात की गंभीरता समझ में नहीं आई। हालत बिगड़ने पर 30 नवंबर को उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि लंबे समय तक फास्ट फूड खाने की वजह से उसकी आंतों में कई जगह छेद हो गए हैं।

ऑपरेशन के बाद भी नहीं बची जान

डॉक्टरों ने छात्रा का ऑपरेशन किया, लेकिन घर लौटने के बाद भी उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ और वह लगातार कमजोर होती चली गई। चार दिन पहले जब स्थिति गंभीर हुई तो परिजन उसे लेकर दिल्ली एम्स भागे। वहां इलाज के दौरान थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन रविवार रात अचानक हार्ट फेल होने से उसकी मौत हो गई। अहाना के मामा गुलजार खान उर्फ गुड्डू ने बताया कि डॉक्टरों ने स्पष्ट कर दिया था कि आंतों के खराब होने का मुख्य कारण फास्ट फूड ही था।

सीएमओ ने दी चेतावनी, बोले- शरीर को सिर्फ नुकसान पहुंचाता है ये खाना

इस दुखद घटना पर अमरोहा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) सत्यपाल सिंह ने अभिभावकों और बच्चों को सख्त सलाह दी है। उन्होंने कहा, “अमरोहा में एक मामला सामने आया है जहां पर ज्यादा फास्ट फूड खाने का सेवन करने से डेथ होने का बताया गया है. इस विषय पर मेरा कहना है कि बच्चों को फास्ट फूड पिज़्ज़ा बर्गर चाऊमीन फास्फूड से दूर रहना चाहिए. क्योंकि फास्ट फूड में मसाले ज्यादा होते हैं, तेल ज्यादा होता है जिससे गेस्ट कॉटेज और फैटी लिवर होता है, इससे मोटापा भी होता है और लगातार खाने से गैसिस्ट की परेशानी पड़ती है, और आंतें भी खराब होना शुरू हो जाती है.”

सीएमओ ने आगे कहा, “इससे लीवर भी डैमेज होता है. ज्यादा फास्ट फूड खाने से यह शरीर में नुकसान के सिवा कुछ नहीं करते हैं. बच्चों को हेल्दी फूड खाना चाहिए और परिजनों को इस पर ध्यान देना चाहिए.” उन्होंने सलाह दी कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी दिक्कत में योग्य डॉक्टर से परामर्श लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *