गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित ‘सांसद खेल महोत्सव’ के समापन समारोह के दौरान राजनीतिक पारा उस वक्त चढ़ गया जब कैसरगंज से मौजूदा सांसद करण भूषण सिंह ने भविष्य की राजनीति को लेकर एक बड़ी भविष्यवाणी कर दी। गुरुवार (25 दिसंबर) को आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व डब्ल्यूएफआई (WFI) प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के बेटे ने साफ कर दिया कि उनके पिता का सियासी सफर अभी थमा नहीं है और वे अगले चुनाव के लिए अभी से कमर कस रहे हैं।
2029 चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा
पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान करण भूषण सिंह ने मंच से हुंकार भरते हुए दावा किया कि अगले लोकसभा चुनाव में उनके परिवार की ताकत संसद में दोगुनी होगी। उन्होंने पिता की वापसी का संकेत देते हुए कहा, “2029 में हम पिता और पुत्र बीजेपी की टिकट पर चुनाव लड़कर संसद जाएंगे, पिता और हम दोनों एक साथ पार्लियामेंट में जाएंगे और बीजेपी के ही सीट से ही लड़ेंगे.” उनके इस बयान से यह साफ हो गया है कि बृजभूषण शरण सिंह एक बार फिर चुनावी मैदान में ताल ठोकने की पूरी तैयारी में हैं।
दोषियों पर चलेगा बुलडोजर, चाहे वो बीजेपी नेता ही क्यों न हो
इसके अलावा, प्रदेश में चर्चा का विषय बने कोल्ड सिरप मामले पर भी उन्होंने सरकार का कड़ा रुख स्पष्ट किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की निगरानी में सख्त जांच चल रही है। करण भूषण सिंह ने कहा, “बीजेपी की सरकार है और यह महाराज की निगरानी में जांच चल रही है जो दोषी होगा उस पर कार्रवाई होगी तो उस पर बुलडोजर चलेगा कोई बच नहीं पाएगा.” उन्होंने अपनी ही पार्टी के लोगों को भी चेतावनी देते हुए कहा, “जो भी दोषी होगा चाहे वह बीजेपी का ही नेता ही क्यों ना हो अगर उसे दोषी पाया गया तो उस पर भी बुलडोजर की कार्रवाई होगी.”
2024 में कट गया था पिता का टिकट
गौरतलब है कि साल 2024 के आम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों और भारी विरोध के चलते बृजभूषण शरण सिंह का टिकट काट दिया था। पार्टी ने डैमेज कंट्रोल करते हुए उनकी जगह उनके छोटे बेटे करण भूषण सिंह को मैदान में उतारा था, जिन्होंने जीत दर्ज कर संसद का रास्ता तय किया। हालांकि, बाद में नाबालिग पहलवान के मामले में दिल्ली पुलिस की क्लोजर रिपोर्ट के आधार पर कोर्ट ने बृजभूषण को पॉक्सो एक्ट के तहत राहत दे दी थी।