नई दिल्ली: मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर न सिर्फ अपने खेल के लिए बल्कि अपने मज़ेदार अंदाज़ के लिए भी जाने जाते हैं। हाल ही में उनका एक मज़ेदार जवाब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसने फैंस को खूब हंसाया।
Reddit सेशन में हुआ मजेदार वाकया
सचिन तेंदुलकर ने हाल ही में ‘Reddit’ पर Ask Me Anything सेशन किया। इस दौरान एक यूजर को यकीन नहीं था कि अकाउंट सचिन का ही है। उसने सवाल किया, “सच में सचिन तेंदुलकर हैं क्या? वेरिफिकेशन के लिए वॉइस नोट भेजें।”
इसके जवाब में सचिन ने अपने खास अंदाज में लिखा, “अभी आधार भी भेजूं क्या?” उनका यह जवाब पढ़कर फैन समेत सभी यूजर्स हंस पड़े।
अपनी पसंदीदा पारी का भी किया खुलासा
इसी सेशन में सचिन ने अपनी सबसे प्रिय पारी का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि 2008 में इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में खेली गई शतकीय पारी उनके दिल के बेहद करीब है। उस मैच में टीम इंडिया को 387 रनों का लक्ष्य मिला था। सचिन ने दूसरी पारी में नाबाद 103 रन बनाते हुए भारत को 6 विकेट से जीत दिलाई थी।
2013 में अलविदा, पर क्रिकेट से रिश्ता बरकरार
सचिन तेंदुलकर ने नवंबर 2013 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा था। अपने करियर में उन्होंने 34,357 रन बनाए, जिनमें 100 शतक और 164 अर्धशतक शामिल हैं। हाल ही में वे इंटरनेशनल मास्टर्स लीग में इंडिया मास्टर्स के कप्तान के रूप में खेले और अपनी टीम को फाइनल में वेस्टइंडीज मास्टर्स पर जीत दिलाई।