शुभांशु शुक्ला के नाम पर योगी सरकार की छात्रवृत्ति योजना, स्पेस साइंस के छात्रों को होगा फायदा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के सम्मान में बड़ा ऐलान किया है। सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार शुभांशु शुक्ला के नाम से एक स्कॉलरशिप योजना शुरू करेगी, जिससे खासतौर पर अंतरिक्ष और विज्ञान से जुड़े छात्रों को लाभ मिलेगा।

चार दशक बाद भारतीय अंतरिक्ष यात्री का मौका

लोकभवन में आयोजित सम्मान समारोह में सीएम योगी ने कहा, “चार दशक बाद भारत के अपने किसी सदस्य को अंतरिक्ष में जाने का अवसर मिला है। यह हमारा सौभाग्य है कि यह अवसर लखनऊ में जन्मे और पले-बढ़े शुभांशु शुक्ला को मिला।”

सीएम योगी ने यह भी बताया कि कुछ साल पहले तक उत्तर प्रदेश के किसी भी विश्वविद्यालय में स्पेस टेक्नोलॉजी का कोई कोर्स उपलब्ध नहीं था। लेकिन अब राज्य में अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक पर आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं।

लखनऊ में 2000 से ज्यादा सेल्फी ली – शुभांशु शुक्ला

कार्यक्रम में शुभांशु शुक्ला ने कहा, “आज जब से लखनऊ आया हूं, 2000 से ज्यादा सेल्फी ली हैं। दिल्ली से लेकर लखनऊ तक लोगों में जबरदस्त उत्साह और प्यार देखा। इस बार का स्पेस डे वाकई खास रहा।”

इसरो अध्यक्ष ने दी बधाई

इस अवसर पर इसरो के अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन ने कहा, “शुभांशु शुक्ला ने एक उत्कृष्ट कार्य किया है। गगनयान मिशन में सिर्फ एक अंतरिक्ष यात्री को उड़ान का अवसर मिला और वह शुभांशु शुक्ला रहे। मैं उन्हें और उनकी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं।”

योगी सरकार की यह नई स्कॉलरशिप योजना युवाओं को अंतरिक्ष और विज्ञान की पढ़ाई में प्रेरित करेगी और राज्य में तकनीकी शिक्षा के नए अवसर खोलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *