आज नहीं तो कल, सच्चाई की जीत होती है, मेरा रास्ता क्लियर: SC फैसले पर राहुल गांधी

सुप्रीम कोर्ट से सांसदी बहाल होने के बाद राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में अपनी बात रखी। कांग्रेस मुख्यालय में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आज नहीं तो कल, कल नहीं तो परसों सच्चाई की जीत होती है।जो भी हो मेरा रास्ता क्लियर है। मुझे जो करना है, मेरा जो काम है उसको लेकर मेरे दिमाग में क्लैरिटी है। राहुल ने आगे कहा कि जनता ने जो प्यार दिया, जिन्होंने हमारा साथ दिया, उन सभी का शुक्रिया। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आज संविधान और लोकतंत्र की जीत हुई है।
लोगों की दुआ हमारे साथ
खरगे ने आगे कहा कि अभी संविधान जिंदा है, न्याय मिल सकता है यह इसका एक बहुत बड़ा उदाहरण है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह सिर्फ राहुल गांधी की नहीं, भारत और लोकतंत्र की जीत है। संविधान के उसूलों की जीत है। बहुत बड़ा फायदा देश के लोगों को हुआ है। जब एक व्यक्ति देश के हित, सच्चाई, देश में मजबूती के लिए लड़ता है। जो व्यक्ति लोगों को जागृत करते-करते कन्याकुमारी से कश्मीर तक लोगों से मिले। आज मैं समझता हूं कि उन लोगों की दुआएं हमारे साथ है। इसीलिए यह लोगों की जीत है।
हम इंतजार करेंगे
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी को डिसक्वॉलीफाई करने के मामले में 24 घंटे में सबकुछ हुआ। अब देखते हैं, कितने घंटे में उनकी सांसदी बहाल करते हैं। खरगे ने कहा कि बहुत दूर गुजरात से जो फैसला आया, उसे मात्र 24 घंटे में लागू कर दिया गया। दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट और पार्लियामेंट के बीच तो बहुत ज्यादा दूरी नहीं है। अब देखना है इस फैसले को लागू करने में कितना वक्त लगेगा। हम इंतजार करेंगे। खरगे ने कहा कि मोदी सरकार को लगा तो होगा ही कि हमसे यह गलती हो गई। आगे भी लड़ाई जारी रहेगी, इसलिए इस पर और टिप्पणी नहीं करूंगी। यह वायनाड के लोगों और वोटर्स की जीत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *