मोदी सरनेम केस में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद राहुल गांधी ने किया पहला ट्वीट, कही यह बात

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को शुक्रवार को मोदी सरनेम मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिल गई। कोर्ट ने उनकी सजा पर रोक लगा दी है, जिसके बाद अब उनकी सांसदी बहाल हो जाएगी।साथ ही, वे आगामी लोकसभा चुनाव भी लड़ सकेंगे। कोर्ट से राहत मिलने के बाद राहुल गांधी ने पहला ट्वीट किया है। उन्होंने कहा है, ”कुछ भी हो जाए, मेरा कर्तव्य यही रहेगा कि भारत की अवधारणा की रक्षा करनी है।”

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राहुल गांधी शुक्रवार शाम को कांग्रेस दफ्तर पहुंचे। उनके साथ पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी भी थीं। इस दौरान, कांग्रेस दफ्तर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का जमावड़ा रहा, जोकि राहुल का समर्थन करने के लिए वहां पहुंचे थे। कांग्रेस दफ्तर राहुल अहम बैठक के लिए पहुंचे हैं। इससे पहले, फैसले का कांग्रेस ने स्वागत किया है। ट्विटर अकाउंट पर कांग्रेस ने कहा है कि यह नफरत के खिलाफ मोहब्बत की जीत है। सत्यमेव जयते।

लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर राहुल गांधी की सदस्यता बहाल करने का आग्रह किया। 17वीं लोकसभा का कार्यकाल मई 2024 में समाप्त हो रहा है। मामले की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति बी आर गवई, न्यायमूर्ति पी एस नरसिम्हा और न्यायमूर्ति संजय कुमार की पीठ ने कहा कि निचली अदालत के न्यायाधीश ने राहुल गांधी को दोषी ठहराते समय कोई कारण नहीं बताया, सिवाय इसके कि उन्हें अवमानना मामले में शीर्ष अदालत ने चेतावनी दी थी।

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘मोदी उपनाम’ वाली टिप्पणी से संबंधित आपराधिक मानहानि के मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को राहत दिए जाने को संविधान, लोकतंत्र और भारत की जनता की जीत करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी की साजिश बेनकाब हो गई है। खरगे ने ट्वीट किया, ” सत्यमेव जयते ! उच्चतम न्यायालय के फैसले का तहे दिल से स्वागत ! संविधान, लोकतंत्र और भारत की जनता की जीत हुई। वायनाड के नागरिकों की जीत हुई। राहुल गांधी जी के ख़िलाफ़ भाजपा की साज़िश बेनकाब हुईं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *