प्राण प्रतिष्ठा को इवेंट बनाने से नहीं होगा लोकसभा में फायदा, राममंदिर को लेकर अजय राय का निशाना

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भगवान राम हमारी आस्था का केन्द्र हैं। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का भव्य कार्यक्रम हो, लेकिन इसे इवेंट न बनाएं। उन्होंने कहा कि भगवान कण-कण में हैं।पूजा-पाठ श्रद्वाभाव से होती है इवेंट से नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा के राममंदिर इवेंट को जनता समझ चुकी है। लोकसभा चुनाव पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। अजय राय गुरुवार को पूर्व सांसद डॉ. निर्मल खत्री की 50वीं वैवाहिक वर्षगांठ पर सोहावल स्थित फार्म हाउस पर आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारों से बात कर रहे थे।उन्होंने कांग्रेस पर भाजपा की ओर से चुनावी हिन्दू के आरोप को सिरे से खरिज करते हुए कहा कि धर्म व पूजा- पाठ में कांग्रेस दिखावा नहीं करती। राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हए कहा कि जो गेरूवा वस्त्र पहन लेता है उसे भगवत स्वरूप माना जाता है, लेकिन संत-महात्मा गेरुवा पहनकर झूठ बोल रहे है। किसानों की सिंचाई के लिए फ्री में बिजली का वादा किया, लेकिन एक भी किसान की सिचाई माफ नहीं की।उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि केन्द्रीय मंत्री कौशल किशोर के पुत्र की पिस्टल से गोली मारी गई, लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं हुई। अब तक कांग्रेस का कोई कार्यकर्ता होता तो बुलडोजर चल जाता। उन्होंने कहा कि यूपी में जाति, पार्टी व चेहरा देखकर सरकार कार्रवाई करती है जबकि भाजपा का दुपट्टा ओढ़ लेने से पाक-साफ हो जाते हैं। अयोध्या संसदीय सीट से पूर्व सांसद डॉ. खत्री के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इन्हें इग्नोर नहीं किया जाएगा। किसी भी निर्णय में उनकी सहभागिता होगी।

पांचों राज्यों में बनेगी कांग्रेस की सरकार
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इंडिया गठबंधन विधानसभा चुनाव नहीं, बल्कि लोकसभा चुनाव के लिए हुआ है। टिकट और सीट का बंटवारा राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा। जो लोग मुबंई व पटना में गठबंधन की बैठक में शामिल हुए थे वहीं लोग सीटों का बंटवारा तय करेंगे। इसमें प्रदेश कमेटी का कोई रोल नहीं है।उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को ताकत देकर पार्टी को मजबूत किया जा रहा है। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता उत्साहित है। राय ने छत्तीसगढ़, एमपी, राजस्थान, तेलंगाना व मिजोरम में विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि पाचों राज्यों में कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है। जनता आगामी- 2024 के लोसभा चुनाव में जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *