PM नरेंद्र मोदी का रूस में भव्य स्वागत, एयरपोर्ट पर गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित; पुतिन से मुलाकात जल्द

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रूस की अपनी दो दिवसीय यात्रा के लिए मॉस्को पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरो द्वारा उन्हें एयरपोर्ट पर गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया।

पीएम मोदी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से जल्द मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी की शान में पुतिन आज रात मॉस्को से बाहर प्राइवेट डिनर आयोजित करने वाले हैं। डिनर का आयोजन कॉटेज में होगा। पिछले पांच साल में मोदी की रूस में पहली और अपने तीसरे कार्यकाल में पहली विदेश यात्रा है। पुतिन और पीएम मोदी के बीच ऊर्जा एवं रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसर तलाशने के लिए शिखर वार्ता होनी है।

पीएम नरेंद्र मोदी का रूस की धरती में भव्य स्वागत हुआ है। पीएम मोदी का विमान स्थानीय समयानुसार पौने तीन बजे मॉस्को के वनुकोवो अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरा। रूसी सरकार ने उन्हें एयरपोर्ट पर ही गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया। पीएम मोदी पांच साल में पहली बार रूस पहुंचे हैं। यह उनके तीसरे कार्यकाल में पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है। इससे पहले पीएम मोदी 2019 में रूस गए थे। उस वक्त पीएम मोदी ने व्लादिवोस्तक में एक आर्थिक सम्मेलन में भाग लिया था। पीएम मोदी दो दिवसीय यात्रा के तहत रूस पहुंचे हैं। रूस में अपनी यात्रा पूरी करने के बाद मोदी ऑस्ट्रिया के लिए रवाना होंगे।

पहला मौका, पुतिन ने किसी राष्ट्राध्यक्ष के स्वागत में डिप्टी पीएम को उतारा
पीएम मोदी को सम्मान देने के लिए रूसी राष्ट्पति पुतिन ने देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री मंतुरोव को अगवानी के लिये भेजा। बता दें कि यह पहला मौका था कि जब मंतुरोव ने किसी विदेशी शासनाध्यक्ष की हवाईअड्डे पर अगवानी की है। इससे पहले चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मॉस्को यात्रा के दौरान मंतुरोव से कनिष्ठ उप प्रधानमंत्री ने उनकी अगवानी की थी। मोदी को रूसी सशस्त्र सेनाओं की एक संयुक्त टुकड़ी ने सलामी गारद पेश की और इसके बाद मंतुरोव मोदी के साथ एक ही कार में सवार हो कर होटल के लिए रवाना हो गये।

पुतिन के साथ प्राइवेट डिनर
रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन ने श्री मोदी के सम्मान में स्थानीय समयानुसार शाम सात बजे से नौ बजे के बीच निजी रात्रिभोज एवं बैठक का आयोजन किया है। मंगलवार को पुतिन और मोदी के बीच 22वीं शिखर वार्ता होनी है। इस बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा और रक्षा सहित विविध क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और विस्तार देने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। भारत और रूस में अभी तक बारी-बारी से 21 वार्षिक शिखर सम्मेलन आयोजित हो चुके हैं। आखिरी शिखर सम्मेलन छह दिसंबर 2021 को नई दिल्ली में आयोजित किया गया था। इस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत आए थे। रूस के राष्ट्र प्रमुख के रूप में पुतिन नौ बार भारत की यात्रा कर चुके हैं।

रूस में पीएम मोदी के कार्यक्रम
प्रधानमंत्री 22वें वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए रूस के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर 8-9 जुलाई को मॉस्को की आधिकारिक यात्रा पर आये हैं। मॉस्को में प्रधानमंत्री क्रेमलिन में अज्ञात सैनिक की कब्र पर पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगे और उसके बाद मॉस्को में प्रदर्शनी स्थल का दौरा करेंगे। इन कार्यक्रमों के बाद दोनों नेताओं के बीच एक एकांत में बातचीत होगी, जिसके बाद प्रधानमंत्री मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी।

9 जुलाई को ऑस्ट्रिया जाएंगे मोदी
पीएम मोदी नौ जुलाई को दोपहर बाद मास्को से विएना जाएंगे। ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर के निमंत्रण पर मोदी 9-10 जुलाई को ऑस्ट्रिया में रहेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी की ऑस्ट्रिया की पहली यात्रा होगी। भारत से आखिरी प्रधानमंत्री ऑस्ट्रिया की यात्रा पर 40 वर्षों पहले हुई थी। विएना में प्रधानमंत्री अपने औपचारिक स्वागत के अलावा, ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति से भी मुलाकात करेंगे और ऑस्ट्रिया में उच्च-स्तरीय व्यापारिक भागीदारी के साथ-साथ एकांत में एवं प्रतिनिधिमंडल स्तरीय बैठक भी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *