यूपी में साइबर ठगी रोकने के लिए बैंक और पुलिस ने मिलाया हाथ, 4,329 शाखाओं में मजबूत होगी निगरानी व्यवस्था

उत्तर प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और आम नागरिकों के डिजिटल लेनदेन को सुरक्षित बनाने के लिए बैंकिंग तंत्र और पुलिस के बीच समन्वय मजबूत करने की पहल की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में साइबर अपराध की रोकथाम और डिजिटल सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयासों के बीच उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के प्रधान कार्यालय में ‘साइबर फ्रॉड रोकथाम एवं जागरूकता कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। इसमें तकनीकी निगरानी, संस्थागत सहयोग और आम लोगों को जागरूक करने के जरिए साइबर ठगी रोकने पर जोर दिया गया।

सतर्कता जागरूकता अभियान–2026 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष यादव एस. ठाकुर ने की। वहीं, उत्तर प्रदेश पुलिस के महानिदेशक, साइबर क्राइम विनोद कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेश के सभी क्षेत्रीय कार्यालय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

साइबर फ्रॉड की निगरानी के लिए बैंक ने शुरू कीं कई व्यवस्थाएं

कार्यक्रम में बैंक अध्यक्ष यादव एस. ठाकुर ने बताया कि उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक का नेटवर्क प्रदेश के सभी 75 जनपदों में फैला हुआ है। बैंक की कुल 4,329 शाखाएं हैं। इतने बड़े नेटवर्क में साइबर धोखाधड़ी की निगरानी और उसे रोकने के लिए कई तकनीकी व्यवस्थाएं शुरू की गई हैं।

उन्होंने बताया कि बैंक में साइबर फ्रॉड मॉनिटरिंग सेल, आई4सी एपीआई समेकन और सीटीएमयू की स्थापना की गई है। इसके अलावा एनसीआरपी पोर्टल की 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था भी लागू की गई है। एमआरएम और जीआरएम जैसी व्यवस्थाएं भी शुरू की गई हैं। बैंक अध्यक्ष ने इन पहलों की जानकारी देते हुए बताया कि साइबर ठगी के मामलों की पहचान और रोकथाम में तकनीकी निगरानी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

वित्तीय और दूरसंचार तंत्र के बीच समन्वय पर जोर

उत्तर प्रदेश पुलिस के महानिदेशक, साइबर क्राइम विनोद कुमार सिंह ने साइबर अपराध से निपटने के लिए तीन प्रमुख स्तंभों की भूमिका समझाई। इनमें वित्तीय तंत्र, मानव संसाधन तथा दूरसंचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी तंत्र शामिल हैं। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इन सभी क्षेत्रों के बीच बेहतर संचार, तालमेल और सहयोग जरूरी है।

उन्होंने कार्यक्रम में डिजिटल अरेस्ट, म्यूल हंटर और आई4सी की भूमिका के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले तरीकों को समझने, लोगों में जागरूकता बढ़ाने और संबंधित संस्थाओं के बीच सूचनाओं का तेजी से आदान-प्रदान करने की आवश्यकता बताई।

साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत

विनोद कुमार सिंह ने लोगों से अपील की कि साइबर फ्रॉड का शिकार होने पर बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने साइबर अपराधों को रोकने के लिए आम नागरिकों तक जागरूकता पहुंचाने को जरूरी बताया।

कार्यक्रम में बैंक की तकनीकी निगरानी व्यवस्था और उत्तर प्रदेश पुलिस की साइबर अपराध रोकथाम से जुड़ी विशेषज्ञता पर चर्चा हुई। इसके साथ ही बैंकिंग संस्थानों और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल बनाकर डिजिटल लेनदेन को अधिक सुरक्षित बनाने के उपायों पर भी जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *