बिरसा मुंडा जयंती पर CM योगी ने बांटे 50 हजार से ज्यादा टैबलेट, बोले- युवाओं में है बजरंगबली जैसी शक्ति

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत टैबलेट वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित इस कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं को उनकी क्षमता और ताकत का एहसास कराते हुए कहा कि उनके अंदर बजरंगबली जैसी शक्ति है। उन्होंने श्रीराम, श्रीकृष्ण, महात्मा बुद्ध, अभिमन्यु, रानी लक्ष्मीबाई और राम प्रसाद बिस्मिल जैसे महान व्यक्तित्वों का उदाहरण देते हुए कहा कि युवा अवस्था में ही बड़े संकल्प लिए जाते हैं। उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश में दिखाई दे रहा बदलाव भी युवा शक्ति का परिणाम है।

भगवान बिरसा मुंडा ने 25 साल की उम्र में अंग्रेजों के खिलाफ फूंका था क्रांति का बिगुल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि 15 नवंबर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती है। उन्होंने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजों के खिलाफ क्रांति का बिगुल फूंका दिया था। सीएम योगी ने युवा शक्ति को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि 15 से 35 वर्ष की आयु के युवा ही देश के भविष्य का आधार हैं।

उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि श्रीराम, श्रीकृष्ण, महात्मा बुद्ध, अभिमन्यु और रानी लक्ष्मीबाई जैसे व्यक्तित्वों ने कम उम्र में ही बड़े संकल्प और साहस का परिचय दिया। राम प्रसाद बिस्मिल जैसे युवा क्रांतिकारियों ने भी देश के लिए अपना योगदान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप नए भारत के निर्माण का संकल्प आगे बढ़ रहा है और इसमें युवाओं की भूमिका अहम है।

स्वामी विवेकानंद योजना से युवाओं को डिजिटल रूप से बनाया जा रहा सशक्त

राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में अलग-अलग जिलों के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। योगी सरकार स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के माध्यम से युवाओं को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने और शिक्षा व कौशल विकास को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है।

टैबलेट वितरण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि वे नई जानकारियां हासिल करने, शैक्षणिक सामग्री तक पहुंच बनाने और अपने कौशल को विकसित करने के लिए तकनीक का इस्तेमाल कर सकें।

अब तक 60 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन बांटे गए

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना की शुरुआत का जिक्र करते हुए बताया कि 25 दिसंबर 2021 को इस कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भी सरकार ने इस योजना के तहत काम जारी रखने का फैसला किया था।

सीएम योगी के मुताबिक, योजना के पहले चरण में करीब 60 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए जा चुके हैं और इसके अच्छे परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में लगभग 25 लाख टैबलेट वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *