अलग राज्य बना तो पश्चिमी यूपी बन जाएगा मिनी पाकिस्तान

केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के पश्चिमी यूपी को अलग राज्य बनाने की मांग पर भाजपा में ही घमासान हो गया है। भाजपा के फायर ब्रांड नेता संगीत सोम ने अपने ही पार्टी के संजीव बालियान पर हमला बोल दिया है।

यहां तक कह दिया कि अगर पश्चिमी यूपी अलग राज्य बना तो मिनी पाकिस्तान बन जाएगा। वहीं भाजपा में मचे घमासान पर सपा और कांग्रेस ने भी चुटकी ली है। सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने संजीव बालियान से एक कदम आगे बढ़ते हुए यूपी के चार टुकड़े करते हुए चार राज्य बनाने की मांग कर दी।

संजीव बालियान ने रविवार को यूपी को दो हिस्सों में बांटने और पश्चिमी यूपी को अलग राज्य बनाने की मांग कर दी थी। मेरठ के सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित अंतरराष्ट्रीय जाट संसद अधिवेशन में केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश अलग राज्य बनना चाहिए और मेरठ उसकी राजधानी होनी चाहिए। पश्चिमी यूपी की आबादी 8 करोड़ है, बहुत से छोटे-छोटे प्रदेश हैं। जिस दिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश अलग राज्य बन जाएगा तो यह देश का सबसे अच्छा और समृद्ध प्रदेश होगा।

संजीव बालियान के इसी बयान पर भाजपा नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम ने कहा कि पश्चिमी यूपी बनाने की बातें करने से पहले कुछ सोचना चाहिए कि हम क्या बोल रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश को राज्य बनाने का मतलब मिनी पाकिस्तान बनाना है। बिना मुस्लिम शब्द का इस्तेमाल किए संगीत सोम ने कहा कि पश्चिमी यूपी में एक वर्ग की आबादी कितनी बढ़ती जा रही है, आप सोच नहीं सकते हैं। कितनी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में इनकी संख्या 70 से 80 फीसदी है। आप अलग राज्य बनाकर चाहते हैं कि इस राज्य में हिंदू अल्पसंख्यक बनकर रहे।

संगीत सोम ने कहा कि हमारी मांग बिल्कुल भी यह नहीं है। कहा कि मैं पश्चिमी यूपी का रहने वाला हूं कोई नहीं चाहता कि पश्चिमी यूपी अलग राज्य बने। संगीत सोम ने यह भी कहा कि हमारी मांग है कि दिल्ली को बृहद प्रदेश बनाकर पश्चिमी यूपी और एनसीआर के जिलों को उसमें जोड़ देना चाहिए। इससे न तो हाईकोर्ट बनाने की जरूरत होगी और न ही ज्यादा कुछ करना होगा।

दो नहीं चार राज्य बनाए जाएंः ओपी राजभर
भाजपा की सहयोगी सुभासपा ने संजीव बालियान से दो कदम आगे बढ़कर बयान दिया है। संजीव बालियान ने यूपी से दो राज्य बनाने की बात कही लेकिन सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने यूपी से चार राज्य बनाने की बात कर दी है। ओपी राजभर ने कहा कि संजीव बालियान की मांग को अंतरात्मा की मांग कहा है। कहा कि यह उनकी सोच, उनका विचार है। ओपी राजभर ने कहा कि हम भी अलग राज्य के पक्षधर हैं। उत्तर प्रदेश बड़ा है तो इसका बंटवारा होना चाहिए। हम भी चाहते हैं कि पश्चिमी ही नहीं, पूर्वांचल भी अलग राज्य बने।

संगीत सोम की मानसिक स्थिति ठीक नहींः सपा
भाजपा नेताओं संजीव बालियान और संगीत सोम के एक दूसरे के खिलाफ बयान पर सपा ने चुटकी ली है। सपा प्रवक्ता फखरुल हसन ने कहा कि भाजपा ने अपने सांसदों का आंतरिक सर्वे कराया है। इसमें संजीव बालियान के काम को औसत बताया गया है। ऐसे में अपना टिकट बचाने के लिए संजीव बालियान अलग राज्य का मुद्दा उछाल रहे हैं। संगीत सोम पर कहा कि वह अभी-अभी सपा के अतुल प्रधान से हारे हैं। इससे उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए ही वह हिन्दुस्तान में पाकिस्तान ढूंढ रहे हैं।

भाजपा को जनता देगी जवाबः कांग्रेस
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पश्चिमी यूपी को अलग राज्य के मामले में केंद्रीय मंत्री बंटवारे की बात करते है और उनके ही पार्टी के पूर्व विधायक विरोध करते हैं। कहा कि इंडिया गठबंधन में एकता न होने की बातें भाजपा करती है, जबकि बीजेपी में अब खुद एकता नही है। अब भाजपा को खुद जनता 2024 में जवाब देगी।

कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अलग राज्य बनवाना चाहता है। दूसरा नेता जो विधायक रहा है वह विरोध कर रहा है। जो करना है कर लें। प्रमोद तिवारी ने कहा कि राज्य में आपकी सरकार है। केंद्र में आपकी सरकार है। पूरा बहुमत आपके साथ है, इंतजार किस बात का है। अलग राज्य बनाइए हम स्वागत करेंगे।

उधर, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू ने कहा कि जातीय गणना की बात देश भर में हो रही है।
बिहार ने अनोखा कीर्तिमान बनाया है। भाजपा के लोग इस मुद्दे पर क्यों नहीं बात कर रहे हैं। संजीव बालियान ने अलग राज्य की बातें केवल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए किया है। उनकी पार्टी के ही दो नेता इस मामले में नुराकुश्ती करने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *