चार दिन से नीतीश के मंत्रियों को विभाग बंटने का इंतजार, 2020 और 2022 में कितने दिन में मिले थे मंत्रालय?

बिहार में महागठबंधन सरकार के पतन के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार में शामिल दो डिप्टी सीएम समेत आठ कैबिनेट मंत्रियों को चार दिन से मंत्रालय और विभाग के बंटवारे का इंतजार है।आरजेडी-कांग्रेस के सात महागठबंधन की सरकार 17 महीने चलाने के बाद नीतीश 28 जनवरी को इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पास लौट गए और उसी दिन शाम में उनके अलावा बीजेपी से दो उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत आठ मंत्रियों ने शपथ ली थी। नीतीश कैबिनेट गठन को चार दिन बीतने चला है लेकिन अब तक मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा नहीं होने की चर्चा शुरू हो गई है।

नीतीश कैबिनेट में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के अलावा बीजेपी से प्रेम कुमार, जेडीयू से विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव और श्रवण कुमार, हम से संतोष कुमार सुमन और निर्दलीय सुमित कुमार सिंह शामिल हैं। नीतीश के मंत्रियों की पहली लिस्ट में उनके करीबी नेता जेडीयू के संजय झा, अशोक चौधरी, मदन सहनी को भी जगह नहीं मिल पाई। अब जेडीयू के साथ-साथ बीजेपी नेताओं की नजर कैबिनेट विस्तार पर टिकी है जिसके जल्द होने की संभावना है। विभाग बंटवारे में देरी को कैबिनेट में और मंत्रियों के शामिल होने आने के बाद मंत्रालय बांटने में आने वाली दिक्कतों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

नीतीश ने 2020 में एनडीए सरकार की शपथ के अगले दिन 14 मंत्रियों में बांट दिया था मंत्रालय

बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में 16 नवंबर (सोमवार) को छठी बार NDA सरकार का गठन हुआ था। 14 मंत्रियों ने नीतीश के साथ शपथ ली थी जिनके बीच अगले दिन 17 नवंबर को विभाग बांट दिया गया था। डिप्टी सीएम बने तारकिशोर प्रसाद ने उसी दिन (मंगलवार) वित्त मंत्रालय का काम संभाल लिया था। उन्हें वित्त के अलावा वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं जलवायु, सूचना प्रावैधिकी, नगर विकास, आपदा प्रबंधन एवं आवास विभाग दिया गया था। दूसरी डिप्टी सीएम रेणु देवी को पंचायती राज, पिछड़ा एवं अत्यंत पिछड़ा कल्याण तथा उद्योग विभाग मिला था।

2022 में महागठबंधन सरकार के कैबिनेट विस्तार के बाद फटाफट मिला था 32 मंत्रियों को विभाग

नीतीश कुमार 2022 में एनडीए छोड़कर जब लालू यादव और कांग्रेस के महागठबंधन के साथ आ गए और 10 अगस्त को नई सरकार बनाई तो उस दिन सिर्फ नीतीश और आरजेडी से डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने ही शपथ ली। छह दिन बाद 16 अगस्त (मंंगलवार) को कैबिनेट विस्तार हुआ जिसमें 31 मंत्रियों ने शपथ ली। इसमें RJD के 16, JDU के 11, कांग्रेस के 2, HAM के 1 और निर्दलीय 1 मंत्री शामिल थे। तेजस्वी के साथ 32 मंत्रियों के बीच मंत्रालयों का बंटवारा उसी दिन फटाफट हो गया था। तेजस्वी यादव को पथ निर्माण, नगर विकास और आवास, स्वास्थ्य, ग्रामीण कार्य, पर्यटन विभाग मिला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *