एमपी में ₹100 करोड़ की लागत से बनेगा संत रविदास का भव्य मंदिर, PM मोदी ने रखी आधारशिला

प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को एमपी के सागर जिले में 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले संत रविदास मंदिर सह स्मारक की आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री ने सागर जिले के बडतूमा गांव में मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया और इसकी आधारशिला रखी।
उन्होंने संत रविदास की मूर्ति के सामने माथा टेका। इस दौरान राज्य के राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने समारोह में मंदिर के लघु मॉडल का भी निरीक्षण किया।इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा- हजारों गांवों की मिट्टी और 300 से अधिक नदियों का पानी संत रविदास के आगामी मंदिर-सह-स्मारक का हिस्सा बनेगा। संत रविदास ने उस कालखंड में जन्म लिया जब देश पर मुगलों का शासन था, समाज अस्थिरता, उत्पीड़न और अत्याचार से जूझ रहा था। उस समय भी रविदास जी समाज को जागृत कर रहे थे, वह उसे बुराइयों से लड़ना सिखा रहे थे। पीएम मोदी ने पिछली सरकारों पर दलित एवं वंचित वर्गों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।समाज सुधारक को समर्पित यह मंदिर-सह-स्मारक 11 एकड़ भूमि में फैला होगा। यह संरचना संत रविदास की शिक्षाओं को प्रदर्शित करेगी और इसमें एक संग्रहालय, आर्ट गैलरी और अन्य सुविधाओं के अलावा भक्तों के लिए आवासीय सुविधाएं भी होंगी।पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के दौरे की शुरुआत खजुराहो हवाईअड्डे पर पहुंचने के साथ की जिसके बाद वह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हेलीकॉप्टर से बड़तूमा गए। भाजपा शासित इस राज्य में प्रधानमंत्री की एक महीने से अधिक समय के भीतर यह दूसरी यात्रा है। मध्य प्रदेश में साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। एक जुलाई को मोदी ने शहडोल जिले के पकरिया गांव में आदिवासी नेताओं, स्वयं सहायता समूहों की सदस्य महिलाओं और युवा फुटबॉल खिलाड़ियों के साथ बातचीत की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *