कोर्ट-सेना पर दबाव बनाती थी बुशरा बीबी, इमरान खान की पत्नी की डायरी से राजनीतिक हंगामा

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी की कथित डायरी सामने आने के बाद राजनीतिक हंगामा मचा हुआ है। इसके जरिए, इमरान के जीवन से जुड़े राजनीतिक और निजी मामलों में बुशरा के असर का पता चलता है।

रिपोर्ट के अनुसार, डायरी में कई सारी एंट्रीज शामिल हैं और इनसे मालूम होता है कि बुशरा बीबी न्यायपालिका, सेना और सरकार पर दबाव बनाने के लिए फैसले लेती थी। डायरी से पता चला कि बुशरा बीबी किस तरह इमरान खान को निर्देश देती थी और कैसे वह इनका पालन करते थे। इसमें आगे कहा गया कि अगर गवर्नर रूल लगता है, तो कानूनी टीम को शहर को बंद करने के लिए तैयार रहना होगा।

बुशरा बीबी की डायरी से कानूनी मामलों में भी उनकी दखल की जानकारी मिलती है। इसमें बताया गया कि वह खान और वकीलों के बीच बातचीत को कैसे नियंत्रित करती थी। रिपोर्ट के मुताबिक, बुशरा ने अपने पति को चुप रहने की हिदायत दी थी। डायरी में कहा गया, ‘हमें अदालत पर दबाव बनाना होगा ताकि वह नकारात्मक फैसला न दे। दबाव डालने का मतलब है कि अदालत में बहुत सारे लोग होने चाहिए।’ इसमें कहा गया कि अदालत के फैसले को पलटने के लिए सार्वजनिक माहौल बनाने की जरूरत पड़ेगी।

बुशरा बीबी की डायरी में क्या है?
डायरी में कहा गया कि इमरान के मामले में जाने-माने वकीलों से फैसला कराना बेहतर है। साथ ही दबाव भी बने रहना चाहिए। इसमें कहा गया, ‘आपको यह घोषणा नहीं करनी चाहिए कि आप कितने समय के लिए आ रहे हैं और पार्टी को भी इसके बारे में पता नहीं चलना चाहिए।’ इसमें पीटीआई सीनेटर आजम स्वाति की याचिकाओं और पाकिस्तान के चीफ जस्टिस उमर अता बंदियाल को लेकर चिंता भी दर्ज है। डायरी में कहा गया, ‘जब भी हम न्याय के लिए याचिका दायर करते हैं तो उस पर कभी सुनवाई क्यों नहीं होती?’

PTI ने डायरी को बताया फर्जी
बता दें कि पीटीआई ने इस बात से इनकार किया है कि कथित डायरी इमरान खान की पत्नी की है। पार्टी की ओर से कहा गया कि यह पाकिस्तान की वास्तविक समस्याओं से जनता का ध्यान भटकाने का असफल प्रयास है। पाकिस्तान में भ्रष्टाचार के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान जेल में बंद है। खान ने गुरुवार को पहली बार उच्च सुरक्षा वाली अटक जेल में अपनी पत्नी बुशरा बीबी से मुलाकात की। वकील नईम हैदर पंजुथा ने सोशल मीडिया मंच एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वीडियो संदेश में बताया कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के 70 वर्षीय अध्यक्ष और उनकी पत्नी के बीच आमने-सामने की यह मुलाकात करीब आधे घंटे तक चली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *