
आम आदमी पार्टी ने राजधानी के अंदर अब दिल्ली होगी साफ अभियान की शुरुआत की है, जिसमें तीन हजार टीमों का गठन किया गया है। इस मौके पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि एमसीडी द्वारा मेगा स्वच्छता अभियान शुरू करने के लिए बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।यह अभियान निश्चित रूप से सफल होगा और राष्ट्रीय राजधानी को साफ सुथरा बनाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक दुर्गेश पाठक ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस कर अभियान के बारे में जानकारी दी।पाठक ने बताया कि यह अभियान फोटो खिंचाने या फिर एक दिन का नहीं है। यह अभियान हर दिन यानी 365 दिन चलेगा, जिसमें एक-एक टीम के पास 30 से 40 गलियों की जिम्मेदारी होगी। टीम हर रोज हर गली को देखेगी। अगर कहीं पर गंदगी है तो उसकी फोटो एमसीडी के ऐप पर अपलोड करेगी। उसके बाद तत्काल वहां से गंदगी को हटवाया जाएगा। मंगलवार से अभियान की शुरुआत कर दी गई है। आने वाले समय में दिल्ली की हर गली, मोहल्ले और शौचालय पूरी तरह से साफ दिखाई देंगे।सफाई का बीड़ा उठाया : पाठक
दुर्गेश पाठक ने कहा कि एमसीडी चुनाव से पहले कुछ लोग कहते थे कि आम आदमी पार्टी झूठे दावे करती है। कैसे नगर निगम में कर्मचारियों और अधिकारियों की समय पर तनख्वाह दे पाएंगे। हमने पांच महीने के अंदर यह साबित कर दिया कि जो हमने वादा किया है, उसको पूरा करके भी दिखाते हैं।दुर्गेश पाठक ने दावा किया कि आज पहली तारीख को निगम के वरिष्ठ अधिकारी से लेकर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तक वेतन महीने की पहली तारीख को उसके खाते में पहुंच जाता है। अब हमने सफाई का बीड़ा उठाया है। उसको भी पूरा करके दिखाएंगे। अब सारी व्यवस्था धीरे-धीरे बदल रही हैं। अब हमने सफाई को लेकर अभियान चलाया है तो उसको भी दिल्ली वालों के सहयोग से पूरा करेंगे।हारे हुए प्रत्याशी अभियान चलाएंगे
दिल्ली नगर निगम के डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल ने कहा कि जहां पर हमारे वार्ड पार्षद नहीं हैं, उन वार्डों में हारे हुए प्रत्याशी अभियान को चलाएंगे। इस अभियान में एमसीडी के अधिकारी और कर्मचारी भी पूरा सहयोग कर रहे हैं, जिनकी बदौलत हम इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे।