
मध्य प्रदेश के देवास में एक बड़ा हादसा हो गया है। क्षिप्रा इलाके में एक दुकान में रखे 8 गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद दो लोग बुरी तरह आग से झुलस गए हैं। वहीं दुकान की छत टूट गई है और दूर से धुएं की गुबार को देखा जा सकता है।घटना की जानकारी मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है। आसपास के इलाके को खाली कराया गया है। सूत्रों का कहना है कि दुकान में अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग की जाती थी।क्षिप्रा थाना प्रभारी जीएस महोबिया ने बताया कि इस हादसे में दुकान के मालिक मनीष पाटिल और वहां काम करने वाला विशाल पटेल दोनों घायल हो गए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे मनीष पाटिल की दुकान में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद दुकान में आग लग गई। ऐसा बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से यह धमाका हुआ है। मनीष दुकान में छोटे चूल्हे और बर्तन बेचता है। वह घरेलू गैस के छोटे सिलेंडर भी बेचता है और उनकी रिफिलिंग करता है। रिफिलिंग के दौरान ही यह बड़ा हादसा हुआ है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है