
पीएम नरेंद्र मोदी ग्रीस के एक दिन के दौरे पर हैं, जहां उन्हें ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ ऑनर सम्मान मिला है। उन्हें यह सम्मान ग्रीस की राष्ट्रपति कैटेरीना एन. साकेल्लारोपोउलोउ ने शुक्रवार को राजधानी एथेंस में मुलाकात के दौरान प्रदान किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद पीएम मोदी ने ग्रीस की राष्ट्रपति और देश की जनता का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह भारत के प्रति ग्रीस के लोगों के सम्मान को दर्शाता है। पीएम मोदी ने X पर लिखी पोस्ट में कहा, ‘मैं राष्ट्रपति कैटेरीना साकेल्लारोपोउलोउ, ग्रीस सरकार और लोगों का धन्यवाद देता हूं। जिन्होंने मेरा सम्मान किया है। यह भारत के प्रति ग्रीस के लोगों के सम्मान को दिखाता है।’
ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ ऑनर सम्मान ग्रीस की राष्ट्रपति की ओर से दूसरे देश के प्रधानमंत्रियों एवं अन्य बड़ी हस्तियों को ही प्रदान किया जाता है। ग्रीस के लिए योगदान देने वाली हस्तियों को यह सम्मान दिया जाता है। सम्मान के साथ लिखा गया है- ‘पीएम नरेंद्र मोदी और भारत के फ्रेंडली लोगों के सम्मान में।’ ग्रीस सरकार ने लिखा, ‘भारत के प्रधानमंत्री के दौरे पर सरकार की ओर से यह सम्मान प्रदान किया गया है। वह ऐसे शख्स हैं, जिन्होंने अपने देश की दुनिया भर में पहुंच बनाने के लिए पुरजोर प्रयास किया है। उन्होंने भारत को आर्थिक समृद्धि और प्रगति की राह पर लेने जाने के लिए बड़े सुधार किए हैं। वह एक स्टेट्समैन हैं, जिनहोने पर्यावरण संरक्षण को अंतरराष्ट्रीय अजेंडा बनाया है।’
ग्रीस ने इस सम्मान की शुरुआत 1975 में की थी। इस सम्मान के साथ जो प्रतीक चिह्न प्रदान किया गया है, उसमें सामने की ओर ग्रीक देवी एथेना का चित्र है और नीचे लिखा है- ‘हकदार और सही व्यक्ति को ही सम्मानित करना चाहिए’ पीएम नरेंद्र मोदी एक दिन के ग्रीस दौरे पर हैं और शुक्रवार को ही वह साउथ अफ्रीका से एथेंस पहुंचे हैं। ब्रिक्स की 15वीं समिट में हिस्सा लेने के लिए वह दक्षिण अफ्रीका गए थे। एथेंस में ग्रीक विदेश मंत्री जॉर्ज गेरापैट्रिटिस ने उनका एयरपोर्ट पर सम्मान किया।