जंग के बीच भारत को बड़ी राहत, LPG से भरा शिवालिक जहाज मुंद्रा पोर्ट पहुंचा, करोड़ों सिलेंडरों की कमी होगी दूर

अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण वैश्विक ऊर्जा सप्लाई प्रभावित होने के बीच भारत को बड़ी राहत मिली है। एलपीजी गैस से भरा भारतीय जहाज ‘शिवालिक’ सोमवार (16 मार्च) को गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पहुंच गया, जहां अब गैस की अनलोडिंग की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनाव के चलते कई देशों के जहाज फंसे हुए थे, लेकिन भारत के दो जहाजों को वहां से गुजरने की अनुमति दी गई थी।

जानकारी के मुताबिक शिवालिक जहाज शाम करीब 5 बजे मुंद्रा पोर्ट पहुंचा। इस एलपीजी कैरियर में लगभग 46 हजार मीट्रिक टन गैस लदी हुई है, जो करीब 32.4 लाख घरेलू गैस सिलेंडरों के बराबर बताई जा रही है। यह जहाज भी पहले स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसा हुआ था, लेकिन 14 मार्च को उसे आगे बढ़ने की अनुमति मिल गई थी। मध्य पूर्व में जारी युद्ध के बीच इसका भारत पहुंचना गैस सप्लाई के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि देश में एलपीजी की उपलब्धता को लेकर दबाव बढ़ने लगा था।

जल्द पहुंचेगा नंदा देवी जहाज
शिवालिक के बाद अब ‘नंदा देवी’ जहाज के भी जल्द भारत पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। इस जहाज पर भी करीब 46 हजार मीट्रिक टन एलपीजी गैस लदी हुई है। हालांकि दुनिया के कई देशों के जहाज अभी भी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज क्षेत्र में फंसे हुए हैं, जिससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर असर बना हुआ है।

ईरान की ओर से संकेत दिए गए हैं कि भारत के साथ उसके संबंध सकारात्मक हैं। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने हाल ही में कहा कि होर्मुज का रास्ता ईरान के दुश्मनों को छोड़कर बाकी देशों के लिए खुला है। वहीं भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फथली ने शनिवार को कहा था कि ईरान ने कुछ जहाजों को होर्मुज से गुजरने की अनुमति दी है, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि कुल कितने जहाजों को अनुमति दी गई है।

युद्ध के माहौल में एलपीजी से भरे जहाजों का भारत पहुंचना घरेलू गैस सप्लाई को स्थिर रखने और संभावित संकट को कम करने की दिशा में बड़ी राहत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *