उत्तर प्रदेश में छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को व्यापक इंतजाम समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सुविधाओं और श्रद्धालुओं की सहूलियत को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने राज्य सड़क परिवहन निगम को दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए अतिरिक्त बसें चलाने को भी कहा, ताकि लोग अपने परिवार के साथ छठ का पर्व मना सकें। साथ ही, यात्रियों से निर्धारित किराये से अधिक वसूली नहीं होने देने के निर्देश दिए।
छठ लोक आस्था, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, अनुशासन, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। प्रदेश के वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, आजमगढ़, चंदौली, भदोही, खीरी, गाजीपुर, लखनऊ, गाजियाबाद, बस्ती और कानपुर नगर सहित कई जिलों में लाखों श्रद्धालु इस पर्व में शामिल होंगे। ऐसे में सभी संबंधित जिलों में पहले से तैयारियां पूरी करने की जरूरत है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर को शाम के समय अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। वहीं, 16 नवंबर को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण होगा। उन्होंने अधिकारियों को सभी प्रमुख पूजा स्थलों और घाटों का पहले से निरीक्षण करने तथा जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
घाटों पर सफाई, पेयजल और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था
सीएम योगी ने नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों के घाटों की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही घाटों पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छ पेयजल और पूजा स्थलों तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों को दुरुस्त रखने को कहा। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पूजा स्थलों तक पहुंचने वाले रास्ते साफ और सुगम हों। नगर विकास, पंचायती राज और संबंधित विभाग मिलकर घाटों तथा आसपास के इलाकों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाएं। पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ वैकल्पिक प्रकाश स्रोत भी उपलब्ध रखे जाएं, ताकि किसी भी स्थिति में घाटों पर अंधेरा न हो।
घाटों पर गोताखोर, नाव और जल पुलिस की होगी तैनाती
छठ पूजा के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने जलाशयों की गहराई और जलस्तर का आकलन कराने को कहा। संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक लगाए जाएं। घाटों पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों, नावों और जल पुलिस की तैनाती की जाए, ताकि किसी श्रद्धालु को गहरे पानी में जाने से रोका जा सके।
प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरों और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा तथा सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। प्रमुख घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
भीड़ नियंत्रण के लिए कंट्रोल रूम और ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ संयमित, संवेदनशील और सहयोगपूर्ण व्यवहार करने के लिए प्रेरित करने को कहा। इसके लिए पुलिसकर्मियों की काउंसिलिंग कराने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम स्थापित कर घाटों और आसपास के क्षेत्रों की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाएगी।
भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी आपसी तालमेल से काम करेंगे। श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए प्रभावी यातायात योजना बनाई जाएगी। प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। साथ ही, वाहनों की पार्किंग के लिए पहले से उपयुक्त स्थान चिह्नित किए जाएंगे।
दिल्ली से पूर्वांचल के लिए अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश
छठ महापर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम को दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन कराने को कहा है। इसका उद्देश्य यह है कि लोग आसानी से अपने घर पहुंचकर परिवार के साथ पर्व मना सकें।
सीएम योगी ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि यात्रा के दौरान किसी भी यात्री से निर्धारित किराये से अधिक रकम न वसूली जाए। अतिरिक्त बसों के संचालन के साथ यात्रियों की सुविधा और परिवहन व्यवस्था पर भी नजर रखी जाएगी।
आतिशबाजी, पशुओं और अराजक तत्वों पर रहेगी नजर
मुख्यमंत्री ने छठ पूजा के दौरान आतिशबाजी और अन्य गतिविधियों से संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सतर्कता बरतने को कहा। घाटों पर पशुओं का आवागमन रोकने के लिए भी उचित प्रबंध किए जाएंगे। इसके साथ ही अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने सभी प्रमुख पूजा स्थलों पर प्राथमिक चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने को कहा। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन को पहले से तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पूजा समितियों के साथ समन्वय करेंगे अधिकारी
सीएम योगी ने स्थानीय आयोजकों और पूजा समितियों के साथ तालमेल बनाकर व्यवस्थाएं करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा और जनसुविधाओं से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। वरिष्ठ अधिकारी खुद प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लें।
बेहतर व्यवस्था के लिए सिविल डिफेंस, एनसीसी और एनएसएस के स्वयंसेवकों का सहयोग लेने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल सुनिश्चित करने को कहा।