हेमंत सोरेन ने सीएम पद से दिया इस्तीफा, चंपई सोरेन होंगे झारखंड के अगले मुख्यमंत्री

ईडी की टीम बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हेमंत सोरेन के आवास पर कथित जमीन घोटाले को लेकर पूछताछ करने पहुंची थी। हेमंत सोरेन से जांच एजेंसी ने करीब 8 घंटे तक सवाल-जवाब किया।लंबी पूछताछ के बाद हेमंत सोरेन राजभवन पहुंचे और झारखंड के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।

इस्तीफे के बाद हलचल
पूछताछ के बाद हेमंत सोरेन विक्ट्री साइन दिखाते हुए राजभवन पहुंचे। वहीं विधायकों की गाड़ी को राजभवन के बाहर ही रोक दिया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने इस बात की पुष्टि की कि हेमंत सोरेन ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया है। वहीं चंपई सोरेन को विधायक दल का नेता चुना गया है। यानी वो हेमंत सोरेन के इस्तीफे के बाद झारखंड के नए मुख्यमंत्री होंगे। हेमंत सोरेन के इस्तीफे के बाद राजभवन के बाहर हलचल बढ़ गई है।

चंपई सोरेन होंगे नए सीएम
खबर लिखने तक हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी की बात स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि ईडी की लंबी पूछताछ के बाद हेमंत ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। दरअसल, बुधवार को हेमंत सोरेन ने विधायक दल के साथ एक अहम बैठक की थी। इस मीटिंग में हेमंत ने अपने विधायकों से दो कोरे कागजों पर साइन कराया था। सूत्रों के हवाले से बताया गया कि इन दोनों कागजों में कल्पना सोरेन और चंपई सोरेन के नाम को लेकर विधायकों ने समर्थन किया था। ऐसा कहा जा रहा था कि हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन को विधायक दल का नया नेता बनाएंगे लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन के नाम पर फाइनल मुहर लगी है।

कौन हैं चंपई सोरेन?
चंपई सोरेन JMM के वरिष्ठ नेता हैं जो झारखंड टाइगर के नाम से मशहूर हैं। चंपई राज्य के सरायकेला विधानसभा सीट से विधायक हैं। शिबू सोरेन के पुराने सहयोगी रहे चंपई सोरेन के कद का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कई मौकों पर हेमंत सोरेन उनके पैर छूते नजर आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *