गुजरात के एक और कांग्रेस विधायक ने दिया इस्तीफा, क्या होगा अगला कदम?

गुजरात कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया के इस्तीफे के बाद एक और कांग्रेस विधायक ने इस्तीफा दे दिया है। गुजरात की माणावदार सीट से कांग्रेस विधायक अरविंद लदानी ने आज स्पीकर शंकरभाई चौधरी को अपना इस्तीफा सौंप दिया।उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। ऐसा कहा जा रहा है कि वो भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं।कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुरुवार को गुजरात पहुंचने वाली है। यात्रा के गुजरात पहुंचने के ठीक एक दिन पहले कांग्रेस को फिर से झटका लगा है। बताया जा रहा है कि इससे पहले राजुला में अरविंद लदानी ने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल से मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि उसके बाद से ही लदानी ने कांग्रेस नेताओं का फोन उठाना बंद कर दिया था। लदानी के इस्तीफे का बाद अब गुजरात विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या 13 रह गई है।

आज इस्तीफा देने वाले पूर्व कांग्रेस विधायक अरविंद लदानी ने 2019 के उपचुनाव में भाजपा के मंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ा था। हालांकि, इन चुनावों में उन्हें लगभग 9 हजार वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। साल 2022 में हुए विधानसभा चुनावों कांग्रेस ने उनपर भरोसा जताया और टिकट दिया। इन चुनावों में अरविंद लदानी ने जवाहर चावड़ा को पटखनी दी थी। अब वो कांग्रेस का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं।

साल 2022 में हुए चुनावों में अरविंद लदानी को कुल 64 हजार वोट मिले थे। लदानी ने तीन हजार वोटों के मामूली अंतर से भाजपा के मंत्री जवाहर चावड़ा को हरा दिया था। इन चुनावों में बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी तीसरे नंबर पर, जबकि आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी चौथे नंबर पर रहा था। अरविंद लदानी के इस्तीफे के बाद अब गुजरात की माणावदार सीट खाली हो गई है। यहां एकबार फिर से उपचुनाव देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *