
पूर्व सांसद हरद्वार दुबे के निधन से रिक्त हुई राज्य सभा की सीट के लिए भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया है।भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने रविवार को डॉ. शर्मा को प्रत्याशी बनाए जाने का पत्र जारी किया है।हरद्वार दुबे का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 तक था। उनके निधन के कारण इस रिक्त सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा की गई है। इस सीट के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 5 सितंबर है। 15 सितंबर को जरूरी हुआ तो मतदान और नतीजों की घोषणा होगी।
नेता के रूप में कई उपलब्धियां है डॉ. दिनेश शर्मा के नाम
पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा लखनऊ विश्वविद्यालय में वाणिज्य विभाग में प्रोफेसर हैं। वर्ष 2017 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बनी भाजपा सरकार में उप मुख्यमंत्री रह चुके हैं। दो बार लखनऊ के महापौर रह चुके हैं। दूसरी बार वह रिकार्ड मतों से लखनऊ का महापौर चुने गए थे। लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड में उनकी यह उपलब्धि दर्ज है। डा. दिनेश शर्मा भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व गुजरात के प्रभारी भी रह चुके हैं। वर्ष 2014-15 में भाजपा की राष्ट्रीय सदस्यता प्रमुख थे। इनके इस कार्यकाल में ही भाजपा विश्व की सबसे अधिक सदस्यता वाली पार्टी बनी थी। हरियाणा में मुख्यमंत्री के चयन और राजस्थान में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुनाव में पर्यवेक्षक की भूमिका भी निभा चुके हैं।
हरद्वार दुबे के निधन के बाद खाली हो गई यूपी से राज्यसभा की सीट
हरद्वार दुबे बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं में से एक थे। जून में उनकी तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद दिल्ली के एक अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया। लेकिन 26 जून हरद्वार दुबे का निधन हो गया। जिसके बाद उनकी राज्यसभा की सीट खाली हो गई। मूल रूप से बलिया के रहने वाले हरद्वार दुबे 26 नवंबर साल 2020 को उपरी सदन के सदस्य बने थे।