
घोसी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर बीजेपी प्रत्याशी दारा सिंह चौहान ने रोड-शो निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि के तौर पर सांसद मनोज तिवारी, रविकिशन समेत प्रदेश सरकार के मंत्री नंद गोपाल नंदी मौजूद रहे।इससे पहले दारा सिंह के समर्थन के लिए एक दिन पहले सीएम योगी भी घोसी पहुंचे। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि 2017 से पहले यूपी में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट थी। राज्य में पहले माफिया एके-47 लहराते थे। अब बीजेपी सरकार में माफिया जान की भीख मांग रहे हैं। सीएम ने इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां भी गिनवाई। सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में गरीबों को गैस कनेक्शन पर सब्सिडी दी जा रही है। पीएम मोदी के नेतृत्व में सबका विकास हो रहा है। डेढ़ करोड़ से अधिक घरों में फ्री बिजली कनेक्शन पहुंचा है।
सीएम योगी आदित्यनाथ भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान के समर्थन में अपील करते हुए कहा कि सुबह का भूला शाम को घर आ जाए तो उसे भटका हुआ नहीं कहा जाता। दारा सिंह घर वापस आ गए हैं और वह राजनीति के दिग्गज हैं। दारा सिंह चौहान के लिए भाजपा और सहयोगी दलों ने भी पूरी ताकत लगा दी है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, अपना दल (सोनेलाल) के कार्यकारी अध्यक्ष और यूपी सरकार में मंत्री आशीष पटेल समेत अन्य नेता दारा सिंह के समर्थन में वोट मांग रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस और वामपंथी दलों ने सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह को अपना समर्थन दिया है।
दारा सिंह चौहान योगी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान वन मंत्री थे। लेकिन विधानसभा चुनाव 2022 से पहले उन्होंने भाजपा को दलित-पिछड़ों का विरोधी बताते हुए सपा में शामिल हो गए थे। जिसके बाद घोसी सीट से सपा के टिकट पर दारा सिंह चौहान जीत हासिल की थी। लेकिन पिछले महीने वह एक बार फिर बीजेपी में शामिल हो गए। पांच सितंबर को घोसी सीट पर उपचुनाव होगा जबकि आठ सितंबर को वोटों की गिनती होगी।