यूपी में गो आधारित प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा, 200 किसान बनेंगे Brand Ambassador; खेतों पर देंगे ट्रेनिंग

उत्तर प्रदेश में गो आधारित प्राकृतिक खेती को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए योगी सरकार इसे व्यापक जन आंदोलन का रूप देने की तैयारी कर रही है। इसके तहत उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग 200 प्रगतिशील किसानों को ब्रांड एंबेसडर के रूप में तैयार करेगा। ये किसान अपने खेतों पर गो आधारित प्राकृतिक खेती के मॉडल का प्रदर्शन करेंगे और अन्य किसानों को इसके तरीके अपनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी देंगे।

इस पहल में ऐसे किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो खुद गोपालन करते हों, जिनके खेतों पर बायोगैस संयंत्र स्थापित हों और जो पहले से प्राकृतिक खेती कर रहे हों। सरकार का उद्देश्य किसानों को गो आधारित खेती से जोड़कर मिट्टी की सेहत सुधारने और उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।

कई विभागों के सहयोग से तैयार होगी कार्ययोजना

गो आधारित प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए पशुपालन, कृषि, उद्यान, वन, आयुष तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। इस संबंध में संबंधित विभागों को जरूरी सुझाव और संस्तुतियां भी भेजी गई हैं।

इसी विषय पर गुरुवार को उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, पद्मश्री सम्मानित प्राकृतिक कृषि विशेषज्ञ डॉ. भारत भूषण त्यागी और अन्य विशेषज्ञ शामिल हुए। बैठक में मिट्टी की सेहत और उर्वरता, गोवंश की उपयोगिता, बायोगैस, जैविक कृषि उत्पादों के निर्माण और किसानों की आर्थिक आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

प्राकृतिक खेती को जन आंदोलन बनाने पर जोर

पद्मश्री डॉ. भारत भूषण त्यागी ने कहा कि जिस तरह डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान ने देशभर में जनचेतना पैदा की, उसी तरह प्राकृतिक और रसायनमुक्त खेती को भी जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि असंतुलित तरीके से रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के इस्तेमाल से मिट्टी की उर्वरता के साथ-साथ जल और पर्यावरण की गुणवत्ता पर भी असर पड़ रहा है। ऐसे में किसानों और पशुपालकों की सोच में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण देना जरूरी है।

डॉ. त्यागी ने किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को प्राकृतिक खेती से जुड़े उत्पादन, प्रसंस्करण, प्रमाणीकरण और विपणन की पूरी प्रक्रिया में नेतृत्वकारी भूमिका देने की बात कही। इससे किसानों को अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य मिल सकेगा और प्राकृतिक खेती को आर्थिक रूप से लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी।

फसल अवशेष जलाने के बजाय खेतों में उपयोग करने की सलाह

प्राकृतिक कृषि विशेषज्ञ ने किसानों से फसल अवशेषों को जलाने के बजाय खेतों में ही उनका समुचित उपयोग करने पर जोर दिया। इससे मिट्टी में जैविक पदार्थ और कार्बन की मात्रा बढ़ाने के साथ उसकी प्राकृतिक उर्वरता बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने सहफसली पद्धति के तहत अलग-अलग प्रकार की वनस्पतियां उगाने और गो आधारित कृषि पद्धतियों को अपनाने की भी सलाह दी। उनके अनुसार, इन तरीकों से खेती को अधिक टिकाऊ और लाभकारी बनाया जा सकता है।

प्राकृतिक खेती से उत्पादन घटने की भ्रांति दूर करेगा आयोग

गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा कि प्राकृतिक खेती को लेकर किसानों के बीच यह धारणा दूर करना जरूरी है कि इससे कृषि उत्पादन कम हो जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक खेती का उद्देश्य मिट्टी की उर्वरता, पर्यावरण संतुलन और मानव स्वास्थ्य को सुरक्षित रखते हुए खेती की दीर्घकालिक उत्पादकता बनाए रखना है।

उन्होंने कहा कि अब कृषि व्यवस्था को प्रकृति और गोवंश के साथ फिर से जोड़ने का समय आ गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गो आधारित प्राकृतिक खेती किसानों की आत्मनिर्भरता और गांवों की समृद्धि का मजबूत आधार बन सकती है। आयोग विभिन्न विभागों के सहयोग से इस दिशा में एकीकृत कार्ययोजना को आगे बढ़ा रहा है।

कैटल शेड और बायोगैस संयंत्र से किसानों को मिलेंगे आर्थिक अवसर

गो आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में अतिरिक्त आर्थिक अवसर विकसित करने की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। इसके लिए वीबी-जी राम जी योजना के प्रावधानों और पात्रता के अनुरूप व्यक्तिगत कैटल शेड और बायोगैस संयंत्र जैसी ग्रामीण परिसंपत्तियों के विकास पर विचार किया जा रहा है।

इस पहल के जरिए पशुपालन, ऊर्जा उत्पादन और प्राकृतिक खेती को एक-दूसरे से जोड़ने की योजना है, ताकि किसानों को आय के अतिरिक्त अवसर मिल सकें। बैठक में राजीव त्यागी, विपिन गोयल और शुभांशु त्यागी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *