आदित्य L1 को लेकर इसरो का बड़ा अपडेट, अंतरिक्ष में लगा दी पहली छलांग

भारत के महत्वाकांक्षी सौर मिशन आदित्य- एल1 को लेकर इसरो ने बड़ा अपडेट दिया है। आदित्य एल- 1 ने आज पहली बार अपनी कक्षा बदल दी है। यह 235×19500 किलोमीटर की कक्षा से अब सफलतापूर्वक 245×22459 किलोमीटर की कक्षा में पहुंच चुका है।

इसे सूर्य की ओर पहली छलांग भी कहा जा सकता है। 16 दिनों के दौरान आदित्य एल1 पांच बार अपनी कक्षा बदलेगा और इसके बाद एल 1 पॉइंट की ओर छलांग लगा देगा।

बता दें कि सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से 2 सितंबर को लॉन्चिंग के 63 मिनट 19 सेकंड बाद ही आदित्य एल-1 पृथ्वी की कक्षा में स्थापित हो गया था। अब उसके थ्रस्टर में फायर करके इसकी कक्षा में परिवर्तन कर दिया गया है। इसका पूरा कंट्रोल धरती से किया जा रहा है। धीरे-धीरे आदित्य एल-1 अपनी कक्षाओं में चार बार और परिवर्तन करेगा। अगली फायरिंग 5 सितंबर को की जाएगी। और अंत में 16 दिन पूरे होने पर यह सूर्य की ओर प्रस्थान कर देगा।

आदित्य एल-1 15 लाख किलोमीटर की दूरी चार महीने में तय करेगा और फिर लैंगरेंज पॉइंट- 1 तक पहुंच जाएगा। यह ऐसा बिंदु है जहां सूर्य और पृथ्वी का गुरुत्वाकर्षण बैलेंस हो जाता है। यहां किसी ऑब्जेक्ट को ठहरने के लिए ज्यादा ऊर्जा नहीं लगानी पड़ती। दूसरी बात यहां से सूर्य ग्रहण का भी असर नहीं होता। ऐसे में हमारा आदित्य एल-1 लगातार सूर्य पर निगाह रख पाएगा और अंदर तक झांक पाएगा। आदित्य एल-1 में फायरिंग के जरिए ही इसे एल-1 पर हेलो ऑर्बिट में स्थापित किया जाएगा।

इसरो के मुताबिक आदित्य एल-1 6 जनवरी तक एल-1 पॉइंट तक पहुंच जाएगा। आदित्य एल-1 के साथ सात पेलोड भेजे गए हैं जो कि सोलर विंड, चुंबकीय क्षेत्र के साथ अन्य क्रियाओं का अध्ययन करेंगे। यह मिशन ना केवल भारत के लिए बल्कि पूरी दुनिया के लिए फायदेमंद होने वाला है। बता दें कि भारत अंतरिक्ष के क्षेत्र में लगातार सफलता के झंडे गाढ़ रहा है। भारत का चंद्रयान- 3 भी इस समय चंद्रमा पर है और दोबारा सूर्योदय होने का इंतजार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *