
विपक्षी एकता के सूत्रधार और बिहार के सीएम नीतीश कुमार के उत्तर प्रदेश से लोकसभा चुनाव लड़ने की मांग हो रही है। और ये डिमांड जेडीयू की ओर से उठ रही है। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की मांग है कि नीतीश कुमार यूपी की फूलपुर सीट से चुनाव लड़ें।जिसके बाद अब बीजेपी ने इसे सियासी हथकंडा करार दिया है। नेता प्रतिपक्ष विजयसिन्हा ने कहा नीतीश कुमार के फूलपुर से चुनाव लड़ने का प्रचार विपक्षी गठबंधन को भ्रमित करने की योजना का हिस्सा है।
बीजेपी का नीतीश पर तंज
विजय सिन्हा ने कहा कि नीतीश कुमार पहले बिहार में अकेले जीत हासिल कर लें, फिर यूपी के बारे में सोचे। वहीं इस मुद्दे पर बिहार बीजेपी के अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश जाकर नीतीश कुमार कौन सा मॉडल दिखाएंगे। हमारे लिए ये किसी मजाक से कम नहीं, यूपी में उनको कौन पहचान रहा है, वहां जाकर बताएंगे क्या?
यूपी से चुनाव लड़ने की मांग
वहीं इससे पहले जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने कहा था कि सीएम नीतीश के यूपी से लड़ने की बात से बीजेपी घबरा गई है। क्या यूपी से चुनाव लड़ने का पेटेंट सिर्प मोदी जी के पास है। हालांकि नीतीश कुमार कहां से चुनाव लड़ेंगे, इसका निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। यूपी जदयू के प्रभारी तथा बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा था कि यूपी के कई इलाकों से सीएम नीतीश कुमार के लोकसभा चुनाव लड़ने की इस बार मांग हो रही है।खासतौर से फूलपुर की जनता की मांग है कि नीतीश कुमार यहां से लोकसभा चुनाव लड़ें। फूलपुर के साथ ही फतेहपुर, प्रतापगढ़, अम्बेडकर नगर लोकसभा क्षेत्रों से भी मांग आ रही है। जदयू उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ता तथा लोग चाहते हैं कि नीतीश कुमार इनमें से जहां से चाहें लड़ें पर इस बार वे उत्तर प्रदेश की किसी एक सीट से जरूर चुनाव लड़ें। उन्होने कहा कि यूपी में नीतीश कुमार ने बिहार में जो काम किया है, उसकी चर्चा यूपी में होती है। तो लोगों के चेहरे पर खुशी दिखती है। हालांकि श्रवण कुमार ने कहा कि यह तो पार्टी या हमारे नेता (नीतीश कुमार) खुद तय करेंगे। यह कोई बहस का मुद्दा नहीं है।