यूपी में 57.21% मतदान, अखिलेश यादव ने मैनपुरी लोकसभा सीट पर बूथ लूटने का लगाया आरोप

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 10 सीटों पर मंगलवार को औसत 57.21 प्रतिशत मतदान हुआ। समाजवादी पार्टी (सपा) ने बदायूं और मैनपुरी में कई स्थानों पर प्रशासन पर मतदान में धांधली कराने के गंभीर आरोप लगाए। ‘वोटर टर्नआउट ऐप’ के शाम सात बजकर 40 मिनट तक के जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, आगरा में 53.99 प्रतिशत, एटा में 58.69, आंवला में 57.08, फतेहपुर सीकरी में 57.09, फिरोजाबाद में 57.51, बदायूं में 53.83, बरेली में 57.88, मैनपुरी में 58.59, संभल में 62.81 और हाथरस में 55.36 प्रतिशत मतदान हुआ।राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि तीसरे चरण के तहत उत्तर प्रदेश की 10 लोकसभा सीट संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक समाप्त हो गया। उन्होंने कहा कि लेकिन मतदान केंद्रों पर कतारों में खड़े मतदाता मतदान कर सकेंगे। सपा ने बदायूं लोकसभा सीट और मैनपुरी लोकसभा सीट पर कई स्थानों पर प्रशासन पर मतदान में धांधली कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं।सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर मैनपुरी में ‘बूथ’ लूटने की तैयारी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों ने पिछले चुनाव में भी बूथ लूटा था तब भी वे बुरी तरह हारे थे। ये फिर बूथ लूटने की तैयारी कर रहे हैं। आप लोग चार-पांच बजे मैनपुरी चले जाएं। ये फिर बूथ लूटने जा रहे हैं।बदायूं से सपा प्रत्याशी और सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव ने प्रशासन पर सहसवान विधानसभा के शहबाजपुर मतदान केंद्र पर सपा समर्थकों को वोट नहीं डालने देने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन तमाम तरीके अपनाकर वोट नहीं डालने दे रहा है। उन्होंने कहा कि सहसवान ‘पोलिंग बूथ’ पर समाजवादी पार्टी के ‘पोलिंग’ बस्ते के सारे दस्तावेज फेंककर उसके ऊपर पानी डाल दिया गया। बदायूं लोकसभा क्षेत्र के सहसवान विधानसभा क्षेत्र में स्थित प्रमोद इंटर कॉलेज के मतदान केंद्रों पर मुस्लिम महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनको बेवजह वोट डालने से रोका।
मतदान केंद्र के आसपास खड़ी महिलाओं ने पुलिस प्रशासन पर कई-कई घंटे का इंतजार कराने और अभद्रता करने का आरोप लगाया। महिलाओं ने कहा कि पुलिस मुस्लिम महिलाओं को धूप में खड़ा कर लंबे इंतजार के बाद अंदर जाने दे रही है, जबकि उनके साथ आए पुरुषों की डंडों से पिटाई की जा रही है।बदायूं के जिलाधिकारी मनोज कुमार से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है। जो लोग वोट डाल चुके हैं, वे बेवजह भीड़ लगा रहे हैं, इसलिए पुलिस को कानून व्यवस्था के चलते लोगों को वहां से हटना पड़ा। किसी के साथ अभद्र व्यवहार या किसी को बेवजह परेशान नहीं किया गया।डिंपल यादव के भारी मतों से जीतने का दावा रामगोपाल यादव ने कियासैफई में मतदान करने के बाद सपा महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने संवाददाताओं से कहा कि डिंपल यादव अबकी बार पहले से भी ज्यादा मतों से चुनाव जीतेंगी।मैनपुरी जिले में उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ (पैक्सफेड) के अध्यक्ष प्रेम सिंह शाक्य के वाहन पर कुछ अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। आरोप लगाया कि वह भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान और जिला पंचायत के एक पूर्व सदस्य के साथ मतदान का हाल लेने के लिए अपनी कार से निकले थे कि तभी कुसमरा इलाके में पांच-छह लोगों ने उनके वाहन पर पथराव किया। उनके अनुसार हमलावर समाजवादी पार्टी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। शाक्य के मुताबिक, इस घटना में उनकी कार के शीशे टूट गए और चालक शिवम के सिर में चोट आयी। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले में शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।बदायूं में धोरणपुर गांव के लोगों ने शुरू में मतदान का बहिष्कार किया, लेकिन प्रशासन के समझाने पर वे मान गए। उन्होंने अपने गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण की अपनी मांग पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि यह उनके संज्ञान में आया है और सम्बन्धित उपजिलाधिकारी कल्पना जायसवाल को गांव में भेजा गया एवं उनके समझाने-बुझाने के बाद वहां मतदान शुरू हो गया।
सपा प्रत्याशी जियाउर्रहमान ने लगाए आरोपसंभल में सपा प्रत्याशी जियाउर्रहमान बर्क ने आरोप लगाया कि पुलिस क्षेत्राधिकारी भाजपा कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं और उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से बैग और मतदाता पर्चियां छीन लीं एवं उन्हें हिरासत में ले लिया। उन्होंने निर्वाचन आयोग से आरोपी अधिकारी को तुरंत हटाने का अनुरोध किया

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *