प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महापर्व छठ के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। रविवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर छठ के संध्या अर्घ्य की बधाई दी। पीएम मोदी ने इस पर्व को प्रकृति की उपासना से जुड़ा पवित्र अवसर बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे समाज में सद्भाव और समरसता की भावना और मजबूत होगी। उन्होंने सूर्यदेव से सभी के जीवन में सुख, ऊर्जा और प्रकाश बने रहने की कामना भी की।
PM मोदी ने एक्स पर दी छठ के संध्या अर्घ्य की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में लिखा, ‘सभी देशवासियों को महापर्व छठ के संध्या अर्घ्य की अनेकानेक शुभकामनाएं. प्रकृति-पूजन को समर्पित यह पावन अवसर हर किसी के लिए नई चेतना और स्फूर्ति लेकर आए, साथ ही समाज में सद्भाव एवं समरसता को और अधिक प्रगाढ़ करे. सूर्यदेव की कृपा से सभी का जीवन आलोकित हो। जय छठी मइया!’
पीएम मोदी ने अपने संदेश के जरिए छठ पर्व की धार्मिक और सामाजिक महत्ता को रेखांकित किया। छठ के दौरान श्रद्धालु अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
चार दिनों तक चलता है छठ महापर्व, जानिए इसकी परंपराएं
छठ महापर्व चार दिनों तक मनाया जाने वाला प्रमुख लोकपर्व है। देश के अलग-अलग हिस्सों में इसकी परंपरा देखने को मिलती है, लेकिन बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश यानी पूर्वांचल और नेपाल के तराई क्षेत्रों में इसका विशेष महत्व है। अब यह पर्व देश के दूसरे राज्यों और विदेशों में भी बड़े उत्साह के साथ मनाया जाने लगा है।
छठ की शुरुआत पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा से होती है। इस दिन घरों की साफ-सफाई की जाती है और व्रती स्नान करने के बाद शुद्ध शाकाहारी भोजन ग्रहण करते हैं। इस भोजन में आमतौर पर चने की दाल और लौकी की सब्जी शामिल होती है। पर्व के दौरान स्वच्छता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है।
दूसरे दिन खरना के बाद शुरू होता है 36 घंटे का निर्जला व्रत
छठ के दूसरे दिन खरना किया जाता है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को गुड़ से बनी खीर तथा रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। खरना के बाद 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू होता है। इस दौरान व्रती अन्न और जल दोनों का त्याग करते हैं।
तीसरे दिन शाम को श्रद्धालु नदी, तालाब या अन्य जलाशयों के घाट पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते हैं। इस दौरान छठी मैया और भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की जाती है। शाम के अर्घ्य के बाद रात में भी विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और पूजा की परंपराएं निभाई जाती हैं।
चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर खोला जाता है व्रत
छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसके बाद श्रद्धालु प्रसाद बांटते हैं और व्रत का पारण करते हैं। इस तरह चार दिनों तक चलने वाला यह कठिन व्रत संपन्न होता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठ पर्व में भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना की जाती है। श्रद्धालु संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना करते हैं। यह पर्व कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाता है।
देश से विदेश तक बढ़ा छठ महापर्व का विस्तार
समय के साथ छठ महापर्व का दायरा बिहार, झारखंड और पूर्वांचल से आगे बढ़कर देश के दूसरे हिस्सों तक पहुंच गया है। विदेशों में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोग भी इस पर्व को पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाते हैं।
आज छठ केवल एक क्षेत्र विशेष का त्योहार नहीं रह गया है, बल्कि प्रकृति की पूजा, आस्था, अनुशासन और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला ऐसा लोकपर्व बन चुका है, जिसकी पहचान देश-दुनिया में लगातार मजबूत हो रही है।