भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) को लेकर चल रही बातचीत के बीच केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने रविवार (15 नवंबर) को बताया कि भारत ने अमेरिका के साथ ऐसी सहमति बनाई है, जिसके तहत भारतीय उत्पादों को अमेरिकी बाजार में विशेष व्यापारिक पहुंच मिलेगी। इस व्यवस्था के तहत भारत को अपने प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले कम आयात शुल्क (Import Duty) का फायदा मिल सकता है। गोयल के मुताबिक, इस सहमति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच पहले ही बातचीत हो चुकी है।
PM मोदी और ट्रंप के बीच पहले ही बनी थी सहमति
दो दिवसीय मिस्र दौरे के दौरान काहिरा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच कुछ महीने पहले ही इस बात पर सहमति बन गई थी कि भारत को अमेरिकी बाजार में विशेष व्यापारिक पहुंच दी जाएगी।
गोयल ने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच पहले ही इस बात पर सहमति बन गई थी. कुछ महीने पहले जब उन्होंने एक फ्रेमवर्क समझौते की घोषणा की थी, तब यह तय हुआ था कि भारत को अमेरिकी बाजार में विशेष व्यापार पहुंच मिलेगी और हमारे प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में भारत को कम इंपोर्ट ड्यूटी देनी होगी.”
इस समझौते का उद्देश्य भारतीय उत्पादों को अमेरिकी बाजार में प्रतिस्पर्धी बढ़त देना है। हालांकि, फिलहाल दोनों देशों के बीच समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत जारी है।
अमेरिकी टैरिफ ढांचे में बदलाव से क्यों हुई देरी?
भारत और अमेरिका ने फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) के पहले चरण के लिए फ्रेमवर्क को अंतिम रूप दिया था। उस समय उम्मीद जताई जा रही थी कि समझौते पर जल्द हस्ताक्षर हो जाएंगे, लेकिन अमेरिका की टैरिफ नीति और शुल्क ढांचे में बदलाव के कारण बातचीत आगे बढ़ानी पड़ी।
हाल ही में एक अधिकारी ने बताया था कि वाशिंगटन ने नई दिल्ली को भरोसा दिया है कि प्रस्तावित समझौते के तहत भारतीय उत्पादों को टैरिफ के मामले में तुलनात्मक लाभ मिलेगा। इसका मतलब है कि अमेरिकी बाजार में भारत को उसके प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले बेहतर शुल्क शर्तें मिल सकती हैं।
वित्त वर्ष के अंत तक पहले चरण को पूरा करने का लक्ष्य
भारत और अमेरिका दोनों ही चालू वित्त वर्ष के अंत तक व्यापार समझौते के पहले चरण को पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं। पिछले सप्ताह एक अधिकारी ने बातचीत की स्थिति पर कहा था, “हमें देखना होगा कि टैरिफ ढांचा किस तरह सामने आता है. हम इस वित्त वर्ष के अंत तक पहले चरण को पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं. पहले चरण और BTA को लेकर बातचीत चल रही है.”
अमेरिकी व्यापार नीति में हुए बदलावों का भी इस बातचीत पर असर पड़ा है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पारस्परिक टैरिफ को रद्द किए जाने के बाद व्यापार समझौते की शर्तों और टैरिफ ढांचे को लेकर नए सिरे से विचार-विमर्श करना पड़ा है।
फिलहाल दोनों देश BTA के पहले चरण को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। यदि भारत को प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में कम आयात शुल्क का लाभ मिलता है, तो इससे अमेरिकी बाजार में भारतीय सामानों की प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति मजबूत हो सकती है।