PM नरेंद्र मोदी की काशी से सबसे छोटी जीत, अजय राय को मिले 4 लाख से ज्यादा वोट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी लोकसभा सीट तीसरी बार जीत ली है। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी अजय राय को डेढ़ लाख वोटों से हराया है। पिछले दो चुनावों में मिली जीत की तुलना करें तो इस बार मार्जिन काफी कम है।मोदी को इस बार पिछले चुनाव में मिले वोटों से भी कम मत मिले हैं। पिछले बार पीएम मोदी को 674664 वोट मिले थे। इस बार 612970 वोट ही मिल सके हैं। वहीं पिछली बार केवल 152548 वोट हासिल करने वाले कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय को इस बार 460457 वोट मिले हैं। इस तरह पीएम मोदी ने अजय राय को 152355 वोटों से हराया है। मंगलवार की सुबह वोटिंग शुरू होने पर एक समय ऐसा भी आया जब पीएम मोदी अजय राय से पिछड़ गए थे। पोस्टल बैलेट की गिनती में पीएम मोदी को अजय राय ने छह हजार वोटों से पछाड़ भी दिया था। इसके बाद मोदी आगे निकले तो निकलते ही चले गए। बसपा के अतहर जमाल लारी को 33766 वोट मिले हैं। अगर मत प्रतिशत की बात करें तो पीएम मोदी को कुल पड़े वोटों का 54.24 फीसदी और अजय राय को 40.74 फीसदी वोट मिले हैं।

पीएम मोदी ने पहली बार 2014 में वाराणसी को चुना था। तब तीन लाख से ज्यादा वोटों से जीते। उनके सामने उतरे दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल दूसरे, सपा के कैलाश चौरसिया तीसरे और कांग्रेस के अजय राय चौथे नंबर पर थे। 2019 में पीएम मोदी दोबारा मैदान में उतरे और एकतरफा मुकाबले में जीत हासिल की। 2019 में सपा की शालिनी यादव दूसरे और कांग्रेस के अजय राय तीसरे नंबर पर थे। इस बार सपा का कांग्रेस को समर्थन था।

मोदी के आने से एकतरफा रहा मुकाबला
पिछले दो चुनावों के वोटों की बात करें दो दोनों बार ही मोदी के आने से एकतरफा मुकाबला रहा। 2019 के चुनाव में नरेंद्र मोदी को 6 लाख 74 हजार 664 वोट मिले। सपा की शालिनी यादव को केवल 1 लाख 95 हजार 159 वोट ही मिल सके थे। कांग्रेस के अजय राय को 1 लाख 52 हजार 548 वोट मिले थे। 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वाराणसी में 5 लाख 81 हज़ार वोट मिले थे। उन्होंने अरविंद केजरीवाल को 2 लाख 9 हजार वोटों से हराया था। कांग्रेस समेत अन्य दलों का कोई प्रत्याशी एक लाख वोट भी नहीं हासिल कर सका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *