जनता की हर शिकायत सुनें और 15 दिन के अंदर करें कार्रवाई, CM योगी का अफसरों को आदेश

सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने अफसरों से दो टूक कहा है कि जनता की हर शिकायत को ध्‍यान से सुनें और 15 दिन के अंदर कार्रवाई जरूर करें। उन्‍होंने कहा कि हमारी कोशिश हर समस्‍या को समाधान देने की होनी चाहिए ताकि लोगों के जीवन को सुखमय बनाया जा सके।

शनिवार की सुबह सीएम योगी ने गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कार्यक्रम के तहत 300 से अधिक फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्‍होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों की शिकायतों के आधार पर की गई कार्रवाईयों पर अपनी रिपोर्ट भी दें।

जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक खुद पहुंचे। उन्‍होंने उनकी समस्याएं सुनते हुए उनके प्रार्थना पत्र लिए। ध्यान से उनकी बात सुनने के बाद पास में खड़े अधिकारियों को समस्या समाधान के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। लोगों की समस्याओं को सुन सीएम ने कहा कि चिंता मत करिए। सबकी समस्या दूर करने के लिए सरकार संकल्पित है। हर पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर सुनिश्चित कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान कराया जाएगा।

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने अलग-अलग मामलों से जुड़े समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को लोगों के प्रार्थना पत्र दिए और समयबद्ध, निष्पक्ष और सन्तुष्टिपरक ढंग से समाधान का निर्देश दिया।

पोलियोग्रस्त बच्चे को देख भावुक हुए सीएम योगी

शनिवार को एक महिला अपने दिव्यांग बच्चे को लेकर आई थी। उसे व्हीलचेयर पर देखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक हो गए। उन्होंने महिला से बातचीत की। पता चला कि यह बच्चा जन्म से दिव्यांग नहीं था, उसे बाद में पोलियो हुआ। उसे लखनऊ और दिल्ली के बड़े अस्पताल में दिखाया गया है लेकिन डॉक्टरों ने जवाब दे दिया है। इस पर मुख्यमंत्री ने महिला को आश्वस्त किया कि बच्‍चे को एक बार फिर से पीजीआई लखनऊ के डॉक्टरों को दिखाया जाएगा। इसे लेकर सीएम ने मौके पर अधिकारियों को निर्देशित भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *