नई दिल्ली: इंटरनेट पर ठगी के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं। हाल ही में एक खतरनाक स्कैम का मामला महाराष्ट्र से सामने आया है, जहां स्कैमर्स ने व्हाट्सऐप के जरिए वेडिंग कार्ड भेजकर बैंक खाते से लाखों रुपये उड़ा लिए।
महाराष्ट्र में सरकारी कर्मचारी बना शिकार
हिंगोली जिले के एक सरकारी कर्मचारी को व्हाट्सऐप पर अनजान नंबर से शादी का निमंत्रण कार्ड भेजा गया। मैसेज में लिखा था– “वेलकम, शादी में जरूर आइए।” जैसे ही कर्मचारी ने लिंक पर क्लिक किया, उसके बैंक खाते से करीब 1.90 लाख रुपये गायब हो गए।
असल में यह कोई असली वेडिंग कार्ड नहीं, बल्कि एक APK फाइल थी। इसे ओपन करते ही पीड़ित का डेटा स्कैमर्स के पास पहुंच गया और उन्होंने उसके बैंक खाते में सेंध लगा दी। पीड़ित ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पुराना तरीका, नए शिकार
विशेषज्ञों के अनुसार यह पहली बार नहीं हुआ है। पिछले साल भी स्कैमर्स ने इसी तरह के नकली वेडिंग कार्ड के जरिए कई लोगों को ठगा था। अब फिर से इस तरह की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।
खुद को स्कैम से कैसे बचाएं?
ऐसी धोखाधड़ी से बचने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां बरतें:
- अनजान नंबर या मेल से आए लिंक/फाइल को कभी न खोलें।
- संदिग्ध मैसेज मिलने पर पहले भेजने वाले को कॉल करके सत्यापित करें।
- सोशल मीडिया पर किसी भी अजनबी को अपनी व्यक्तिगत या वित्तीय जानकारी साझा न करें।
- संदिग्ध मैसेज भेजने वाले को तुरंत ब्लॉक करें और इसकी सूचना साइबर सेल को दें।
तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधियों की चालबाजियां भी बढ़ रही हैं। ऐसे में सतर्क रहना ही सुरक्षा की सबसे बड़ी कुंजी है।